अवैध बजरी से भरा ट्रेलर जब्त:डस्ट के नीचे छिपाकर ले जा रहा था, तस्कर मौके से हुआ फरार

धौलपुर में अवैध बजरी खनन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दिल्ली-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर सागरपाड़ा चौकी के पास कोतवाली पुलिस ने रविवार सुबह एक ट्रेलर को पकड़ा। कोतवाली थाना प्रभारी हरिनारायण मीणा ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ट्रेलर में डस्ट के नीचे सुप्रीम कोर्ट से प्रतिबंधित चंबल की बजरी भरी है। इसे आगरा की ओर ले जाया जा रहा था। एसपी सुमित मेहरड़ा के निर्देश पर पुलिस टीम ने सागरपाड़ा चौकी पर नाकाबंदी की। टीम में हेड कॉन्स्टेबल राजकुमार, कॉन्स्टेबल रणवीर और पप्पू शामिल रहे। पुलिस टीम ने ट्रेलर को रोककर जांच की तो उसमें सुप्रीम कोर्ट से प्रतिबंधित चंबल की बजरी मिली। इस दौरान ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और फरार ड्राइवर के खिलाफ वन्य जीव अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *