अवैध रेत से भरे ट्रेक्टर-ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मारी:युवक गंभीर घायल, बिना नंबर प्लेट के जा रहा था वाहन

जिला मुख्यालय पर अवैध रेत उत्खनन और उसका परिवहन खुलेआम जारी है। रेत को ट्रैक्टर-ट्रॉली के जरिए ले जाया जा रहा है। इसी दौरान गुरुवार शाम नेशनल हाईवे-44 पर सेल्स टैक्स बैरियर के पास रेत से भरी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने एक बाइक सवार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर के बाद आरोपी चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक को संभाला और तुरंत डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उसका उपचार जारी है। बिना नंबर प्लेट के था ट्रैक्टर स्थानीय लोगों का कहना है कि यह ट्रैक्टर-ट्रॉली बिना नंबर प्लेट की थी। जिले में अवैध रेत से भरे ऐसे कई ट्रैक्टर बिना रजिस्ट्रेशन के सड़कों पर दौड़ रहे हैं। नंबर प्लेट न होने के कारण हादसा करने के बाद चालक आसानी से फरार हो जाते हैं और उनकी पहचान भी नहीं हो पाती। लोगों का आरोप है कि चंबल क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर रोक लगाने में प्रशासन पूरी तरह नाकाम साबित हो रहा है। थानों के सामने से भी बिना नंबर के ट्रैक्टर-ट्रॉली निकलते हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं होती। हादसे की जानकारी लेने के लिए जब सिविल लाइन थाना प्रभारी उदयभान यादव को फोन किया गया, तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। वहीं सीएसपी दीपाली चंदेरिया ने बताया कि उन्हें अभी हादसे की पूरी जानकारी नहीं है। पुलिस टीम को मौके की जांच के लिए भेजा जा रहा है और घायल के इलाज की व्यवस्था की गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *