भास्कर न्यूज | कलंगपुर गुंडरदेही ब्लॉक की ग्राम पंचायत खुटेरी (अचौद) में अवैध शराब के खिलाफ ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। गांव में बीते कुछ दिनों से खुलेआम शराब की अवैध बिक हो रही थी। इससे गांव का माहौल बिगड़ रहा था। नशे के कारण झगड़े और अशांति बढ़ गई थीं। ग्रामीणों ने कई बार पुलिस से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। स्थिति बिगड़ती देख गांव के सरपंच, पंच और अन्य जनप्रतिनिधियों ने मिलकर बड़ा फैसला लिया। अब गांव में अवैध शराब बेचने और खरीदने वालों पर अर्थदंड लगाया जाएगा। साथ ही उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। पंचायत ने यह निर्णय सर्वसम्मति से लिया। गांव में सिर्फ शराब ही नहीं, दुकानों में खुले डिस्पोजल, पानी की बिक्री पर भी रोक लगा दी गई है। दुकानदार अब बोतलबंद पानी ही बेच सकेंगे। पंचायत का कहना है कि खुले पानी से बीमारी फैलने का खतरा रहता है। इसलिए यह कदम जरूरी था। ग्रामीणों ने पंचायत के फैसले का समर्थन किया है। उनका कहना है कि गांव में शांति और व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह जरूरी था। अब गांव में निगरानी बढ़ा दी गई है।


