अशोकनगर में कैनरा बैंक की शाखा में 23 लाख रुपए के धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने 8 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। बैंक के असिस्टेंट मैनेजर जोगेंद्र सिंह गुर्जर की शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। जानकारी के मुताबिक चार ऋणधारकों और चार गोल्ड वैल्यूअर्स ने मिलकर बैंक को करीब 23 लाख रुपए का चूना लगाया है। आरोपियों ने 2020 से 2022 के बीच योजनाबद्ध तरीके से बैंक में 11 गोल्ड लोन खाते खोले। इन खातों में कम शुद्धता वाले सोने के गहने गिरवी रखे गए, लेकिन बैंक के अधिकृत मूल्यांकनकर्ताओं ने इन गहनों की शुद्धता को वास्तविक से अधिक दिखाकर ज्यादा मूल्य का आंकलन कर दिया। इनके खिलाफ केस दर्ज आरोपी ऋणधारकों में भूरेसिंह रघुवंशी, रामकुमार यादव, फूलसिंह रघुवंशी और देवेंद्र सिंह रघुवंशी शामिल हैं। वहीं, गोल्ड वैल्यूअर्स में ओमप्रकाश सोनी, मदन गोपाल सोनी, अतुल सोनी और सुलभ सोनी का नाम सामने आया है। कोतवाली पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 420, 467, 468 और 120B के तहत अलग-अलग चार मामले दर्ज किए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


