अशोकनगर मंडी में खाद टोकन वितरण पर मारपीट:लाइन में लगने को लेकर किसानों में विवाद, पुलिस ने नियंत्रित किया

अशोकनगर की पुरानी कृषि उपज मंडी में शुक्रवार को खाद वितरण के लिए टोकन दिए जा रहे थे। इसी दौरान लाइन में लगने को लेकर किसानों के बीच जमकर मारपीट हो गई। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। कोतवाली थाना प्रभारी रवि प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि यह विवाद लाइन में खड़े एक युवक को लेकर शुरू हुआ, जिसके बाद दोनों पक्षों के किसान आपस में भिड़ गए। पुलिस ने उत्पात मचा रहे एक युवक को हिरासत में ले लिया। युवक का कहना था कि वह अपने परिवार को वीडियो कॉल पर भीड़ दिखा रहा था, तभी कुछ लोगों ने विवाद शुरू कर दिया। रबी की फसल बोने की तैयारी कर रहे किसानों को इस समय खाद के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। टोकन वितरण की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में किसान सुबह 4 बजे से ही मंडी में लाइन लगाकर खड़े हो गए थे। दोपहर तक गर्मी के कारण किसान उग्र होने लगे थे। किसानों का कहना है कि उन्हें अधिकतम पांच बोरी खाद दी जा रही है, जो फसल के लिए बहुत कम है। विवाद बढ़ने पर बजरंग दल और अतिरिक्त पुलिस बल को व्यवस्था बनाने के लिए बुलाना पड़ा। इससे पहले भी कुछ लोग खाद वितरण में अव्यवस्था फैला रहे थे, जिन्हें पुलिस ने नियंत्रित किया था। पर्याप्त खाद न मिलने से किसानों में भारी रोष है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *