राजधानी जयपुर के अशोक नगर थाना क्षेत्र में आज सुबह करीब 9 बजे दो लग्जरी गाड़ियों के बीच भीषण टक्कर हो गई। यह हादसा सेंट्रल पार्क की ओर से आ रही एक लग्जरी कार और सामने से आ रही दूसरी कार के बीच हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि किया कार (RJ 59 CA 0890) के पांचों एयरबैग खुल गए, जबकि दूसरी गाड़ी स्कॉर्पियो (RJ 14 UL 7247) का एक टायर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में शामिल किया कार को तुषार नाम का युवक चला रहा था, वहीं स्कॉर्पियो को ड्राइवर तेजबहादुर चला रहा था। गाड़ियों को हुए भारी नुकसान से टक्कर की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी को भी चोट नहीं आई। हादसे की सूचना मिलते ही अशोक नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारू कराया। मौके पर मौजूद हेड कॉन्स्टेबल सुरेंद्र सिंह चौधरी ने बताया कि दोनों गाड़ियों को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच जयपुर साउथ पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।


