आंजन में पार्किंग स्थल में खुली दुकानें, भक्तों को हो रही परेशानी

भास्कर न्यूज | गुमला गुमला से 20 किमी दूर हनुमान की जन्मस्थली आंजनधाम धार्मिक के साथ-साथ पर्यटक स्थल के रूप में प्रसिद्ध है। वर्तमान समय में इसकी ख्याति विश्व स्तर पर फैल चुकी है। अब साल भर श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहता है। जिस कारण यह धार्मिक स्थल गुलजार रहता है। इसे निखारने के लिए प्रशासनिक स्तर पर काफी प्रयास भी किए जा रहे हैं, लेकिन यहां भक्तों को आने पर कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिस कारण लोगों ने जिला प्रशासन और वन विभाग का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया है और सुविधाओं को बेहतर करने का अनुरोध किया है। भक्तों ने शिकायत की है कि वन विभाग की ओर से यहां विकास के कई कार्य किए गए है। कुछ नियम भी तय है, लेकिन स्थानीय स्तर पर इसका अनुपालन नहीं हो रहा है। दरअसल विभागीय स्तर पर पार्किंग शेड का निर्माण कराया गया है। जहां गाड़ियों को खड़ा किए जाने की व्यवस्था होनी चाहिए, लेकिन पार्किंग स्थल पर दुकानें खुल गई है। जिस कारण उसका दुरूपयोग हो रहा है और वाहनों से आंजन आने वाले भक्तों को गाड़ी खड़ा करने के लिए स्थल की तलाश करनी पड़ती है। मजबूरीवश लोग सड़क पर गाड़ी खड़ी कर देते है। इससे दूसरे भक्तों को भी दिक्कत होती है। लोगों ने प्रशासन और वन विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि पार्किंग स्थल से दुकानों को हटवाया जाए और वाहनों के लिए बनें शेड में वाहन खड़ा करने की व्यवस्था बहाल की जाए। ताकि सुविधाओं के साथ श्रद्धालु यहां आकर पूजा पाठ कर सके। मनोहर नायक, किशुन नायक, ललकू नायक, प्रवेश नायक आदि ने कहा कि इस बाबत डीएफओ को सूचना दिया गया था। उन्होंने आश्वासन भी दिया था। पर अभी तक कोई पहल नहीं हो सकी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *