भास्कर न्यूज | अमृतसर भारतीय प्रबंध संस्थान अमृतसर 5वें अंतरराष्ट्रीय और डॉक्टरेट कोलोक्वियम 2026 सम्मेलन का आयोजन करने जा रहा है। मैरीलैंड विश्वविद्यालय (यूएसए) के सहयोग से होने वाला यह सम्मेलन 18 जनवरी तक संस्थान के परिसर में चलेगा। इस वर्ष का विषय “एमएसएमई की पुनर्कल्पना: विकास और इनोवेशन के मार्ग’ रखा गया है। इसका मुख्य लक्ष्य वैश्विक अर्थव्यवस्था में छोटे उद्योगों के सामने आने वाली चुनौतियों का समाधान खोजना और उन्हें नवाचार के जरिए आगे बढ़ने का रास्ता दिखाना है। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. रिया सिंगला और डॉ. जागृति श्रीवास्तव करेंगी। इस दौरान मैरीलैंड विश्वविद्यालय के डॉ. बालाजी पद्मनाभन और आईएसबी के डॉ. सौगत रे जैसे प्रसिद्ध शिक्षाविद मुख्य भाषण देंगे। आगामी तीन दिनों में आईआईएम इंदौर, आईआईएम अहमदाबाद और आईएसबी के विशेषज्ञ शोध पद्धतियों, डिजिटल इनोवेशन और प्रबंधन रणनीतियों पर कार्यशालाएं लेंगे। इसमें शोधकर्ताओं के लिए डॉक्टरेट संगोष्ठी भी आयोजित की गई है, जहां वे अनुभवी विशेषज्ञों से अपने शोध पर प्रतिक्रिया ले सकेंगे। इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस के डॉ. शाश्वत आलोक ‘अनुसंधान पाइपलाइन बनाने की कला’ पर सत्र लेंगे। सत्र में शोध-पत्र प्रस्तुतियां और वैश्विक अर्थव्यवस्था में एमएसएमई की भूमिका पर व्यापक संवाद की सुविधा के लिए डिज़ाइन की गई कार्यशालाएं भी होंगी। अकादमिक चर्चाओं के साथ-साथ प्रतिभागियों को अमृतसर की संस्कृति से रूबरू कराने के लिए दूसरे दिन अटारी-वाघा बॉर्डर का भ्रमण भी कराया जाएगा। कार्यक्रम का समापन 18 जनवरी को सर्वश्रेष्ठ शोध-पत्र पुरस्कारों के वितरण के साथ होगा।


