खड़गपुर। आईआईटी खड़गपुर को द इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया) द्वारा इंजीनियरिंग कॉलेजों एवं संस्थानों की श्रेणी में समग्र उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रतिष्ठित आइइआइ इंजीनियरिंग एजुकेशन एक्सीलेंस अवार्ड 2025 से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार 40वें भारतीय इंजीनियरिंग कांग्रेस के दौरान दुर्गापुर में प्रदान किया गया। संस्थान की ओर से यह सम्मान प्रो नीरज कुमार गोयल, एसोसिएट डीन, स्ट्रेटेजी एंड एनालिटिक्स ने ग्रहण किया। यह उपलब्धि इंजीनियरिंग शिक्षा, उन्नत अनुसंधान, नवाचार, शैक्षणिक नेतृत्व तथा राष्ट्र निर्माण में आईआईटी खड़गपुर की सतत प्रतिबद्धता और अग्रणी भूमिका को दर्शाती है। भारत के पहले आईआईटी के रूप में, संस्थान उच्च शिक्षा और तकनीकी प्रगति में निरंतर नए मानक स्थापित कर रहा है। आईआईटी खड़गपुर इस सम्मान के लिए द इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया) के प्रति आभार व्यक्त करता है और इस उपलब्धि को अपने संकाय सदस्यों, छात्रों, कर्मचारियों, पूर्व छात्रों तथा सहयोगियों को समर्पित करता है।


