आओ स्कूल चलें मुहिम के तहत जिला शिक्षा अफसर ने स्कूलों का किया दौरा

भास्कर न्यूज | लुधियाना नेशनल कमीशन फॉर प्रोटेक्शन ऑफ चाइल्ड राइट्स के दिशा-नि र्देशों और पंजाब सरकार के स्कूल शिक्षा विभाग की पहल पर गर्मियों की छुट्टियों के बाद पहले दिन आओ स्कूल चलें मुहिम के तहत जिले भर के सरकारी स्कूलों में उत्सव का माहौल देखने को मिला। इस दौरान जिला शिक्षा अफसर रविंदर कौर और उप-जिला शिक्षा अफसर मनोज कुमार ने विभिन्न स्कूलों का दौरा कर गतिविधियों का जायजा लिया। एसपीएस दोराहा, बिलगा और राजगढ़ सहित कई स्कूलों में दौरे के दौरान डीईओ रविंदर कौर ने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों पर मानसिक दबाव तेजी से बढ़ रहा है, जिससे वे पढ़ाई को बोझ समझने लगे हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए बच्चों को तनाव मुक्त शिक्षा देने और स्कूल को एक आनंद दायक जगह बनाने के लिए यह मुहिम शुरू की गई है। छुट्टियों के बाद पहले दिन को त्योहार की तरह मनाया गया। जब बच्चे स्कूल पहुंचे तो उन्हें मेहमानों की तरह ‘जी आया नूं’ कहकर स्वागत किया गया। दिन भर अध्यापकों की अगुवाई में खेल, कहानी-कथन, चित्रकला, हस्तकला जैसी रचनात्मक और मनोरंजक गतिविधियां करवाई गईं। बच्चों में सीखने की खुशी और हर दिन कुछ नया जानने का जोश साफ दिखाई दिया। उप-जिला शिक्षा अफसर मनोज कुमार ने ब्लॉक माछीवाड़ा के विभिन्न स्कूलों का निरीक्षण किया और बच्चों के साथ गतिविधियों में भाग लिया। इस मौके पर जिला रिसोर्स कोऑर्डिनेटर मनमीतपाल सिंह ग्रेवाल भी उनके साथ मौजूद रहे। एसपीएस बिलगा स्कूल के लिए गांव के एक दानी परिवार ने आधा एकड़ ज़मीन दान दी है, जिसके सहयोग से स्कूल की नई इमारत तैयार की गई। इस मौके पर जिला शिक्षा अफसर ने दानदाता परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *