आगर मालवा के जैन मंदिर में चोरी:बदमाश दान पेटियों से करीब एक लाख रुपये की नगदी चुराई

आगर मालवा के वासुपूज्य तारक धाम जैन मंदिर में शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात चोरी की घटना सामने आई है। इंदौर-कोटा मार्ग पर स्थित इस मंदिर में दो अज्ञात बदमाशों ने प्रवेश कर दान पेटियों से नगदी चुरा ली। इस घटना से जैन समाज में रोष है और पुलिस की रात्रि गश्त पर भी प्रश्नचिह्न लगे हैं। रविवार सुबह जब मंदिर के पुजारी विष्णु शर्मा पूजा के लिए पहुंचे, तो उन्होंने मुख्य द्वार टूटा हुआ पाया। मंदिर परिसर में सामान बिखरा हुआ था और दान पेटियां टूटी हुई थीं, जिनमें से कुछ सिक्के बाहर गिरे हुए थे। पुजारी और चौकीदार ने तुरंत जैन समाज के पदाधिकारियों और कोतवाली पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस मंदिर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। मंदिर से जुड़े अजय जैन ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में दो बदमाश चोरी करते हुए स्पष्ट दिख रहे हैं। बदमाशों ने दो दान पेटियां तोड़कर उनमें रखी नगदी चुराई है, जिसकी अनुमानित राशि लगभग एक लाख रुपये है। पुलिस फिलहाल तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद जैन समाज ने मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *