आजमगढ़ जिले के पवई थाना क्षेत्र में 29 जनवरी को लिपिक की गोली मारकर हत्या के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही इस मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। इस मामले में मृतक लिपि का अजय कुमार सिंह की पत्नी सुनीता सिंह ने छह आरोपियों के विरुद्ध पवई थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी इसी क्रम में एक आरोपी राजेश धुरिया को सुलेमानपुर अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है जल्दी उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस को दिए शिकायती पत्र में सुनीता सिंह ने आरोप लगाया था कि शिवम सिंह रमन गिरजा राजभर देवेंद्र सिंह उर्फ संजय राजेश धुरिया और एक अज्ञात व्यक्ति ने मेरे पति की गोली मारकर हत्या की थी। दुश्मनी में बदली पुरानी दोस्ती इस घटना का खुलासा करते हुए जिले के एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ में यह बात सामने आई की अभियुक्त और अजय कुमार सिंह के बीच गहरी दोस्ती थी। अभियुक्त राजेश धुरिया गुजरात में रहता था और जल्द ही आजमगढ़ आया था। घटना के दिन शाम को पांच बजे गांव के बाहर शिव मंदिर के पास ही आपस में कहा सुनी हो गई। इसके बाद वहां पर मौजूद इंद्रजीत सोनू राजभर प्रदीप और उमेश उर्फ नाटे ने बीच बचाव किया। कुछ देर बाद अजय सिंह गांव के बाहर निकले फिर एक बार विवाद बढ़ गया। ऐसे में अजय सिंह के सिर में गोली मार कर हम लोग वहां से फरार हो गए। पुलिस ने राजेश धुरिया को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि इस घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इन फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


