गोरखपुर में ऑनलाइन ठगी के दो मामले सामने आए हैं, जहां फेसबुक और व्हाट्सएप के जरिए युवकों को फंसाकर 25 लाख रुपये हड़प लिए गए। सिकरीगंज के दीपक कुमार से फेसबुक फ्रेंड बनकर 9 लाख रुपये ठगे गए, जबकि मोहद्दीपुर के सुनील चौधरी को फर्जी ट्रेडिंग कंपनी के नाम पर 16 लाख रुपये की चपत लगी। दोनों मामलों में साइबर थाना पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फेसबुक पर दोस्ती, फिर 9 लाख की ठगी सिकरीगंज के दीपक कुमार को फेसबुक पर ‘मनीषा अग्रवाल’ नाम की महिला का फ्रेंड रिक्वेस्ट आया। चैटिंग के बाद दोस्ती बढ़ी और फिर उसने दीपक को ‘जीडीएम गोल्ड एप’ में निवेश करने का झांसा दिया। मनीषा ने दावा किया कि इसमें सोना खरीद-बिक्री से बड़ा मुनाफा होगा। दीपक ने 14 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2024 के बीच 9 लाख रुपये महिला के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए। पैसे निकालने की बात पर हर बार टैक्स भरने का बहाना बनाया गया। जब दीपक ने दबाव बनाया तो महिला ने फोन बंद कर दिया और फेसबुक प्रोफाइल भी डिलीट कर दी। ठगी का अहसास होने पर दीपक ने 30 जनवरी को साइबर अपराध थाने में शिकायत दर्ज कराई। फर्जी ट्रेडिंग कंपनी ने 16 लाख का लगाया चूना मोहद्दीपुर के सुनील चौधरी के व्हाट्सएप पर ‘स्वाति प्रदीप’ नाम की महिला का मैसेज आया। उसने खुद को एक ट्रेडिंग कंपनी का स्टाफ बताया और हर दिन 15-20% मुनाफे का लालच दिया। स्वाति ने बीटबैंक नाम का एक एप डाउनलोड करवाया और सुनील को निवेश के लिए तैयार कर लिया। 11 नवंबर से 7 दिसंबर 2024 के बीच सुनील ने 16.27 लाख रुपये बताए गए खाते में ट्रांसफर कर दिए। शुरुआती दिनों में उन्हें ग्रोथ दिखाकर विश्वास दिलाया गया, लेकिन जब उन्होंने पैसे निकालने चाहे, तो 20% अतिरिक्त जमा करने की शर्त रख दी गई। इसी के बाद सुनील को ठगी का अंदाजा हुआ। 29 जनवरी को उन्होंने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस जुटी जांच में, अलर्ट रहने की अपील साइबर थाना पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है। पुलिस ने लोगों को सोशल मीडिया और ऑनलाइन ट्रेडिंग से जुड़ी ठगी से सावधान रहने की सलाह दी है। अधिकारियों ने कहा कि अनजान लोगों से दोस्ती कर निवेश करने से पहले पूरी जांच-परख जरूरी है, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके।


