झांसी से महाकुंभ में वसंत पंचमी के स्नान के लिए जाने वाले यात्रियों की भीड़ के मद्देनजर शनिवार को स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी का अमला सतर्क नजर आया। वहीं, भीड़ को नियंत्रित करने के लिए की गईं व्यवस्थाओं का रोडमैप देखने डीआरएम भी स्टेशन पहुंचे। दूसरी ओर सीनियर डीसीएम ने ग्वालियर से ट्रेनों में सवार होने वाले श्रद्धालुओं की व्यवस्था बनाने के लिए ग्वालियर स्टेशन पर डेरा डाल लिया है। आज उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए झांसी से पांच ट्रेनें भी चलाई जा रही हैं। इससे पहले झांसी स्टेशन पर श्रद्धालुओं को कतारबद्ध ढंग से स्टेशन के भीतर प्रवेश दिलाया गया। उनके टिकिट भी चेक किए गए। रविवार को यात्रियों की ज्यादा भीड़ उमड़ने की संभावना है, जिसके चलते मेला स्पेशल ट्रेनें संचालित की जाएंगी। ऐसे में इन ट्रेनों में आपाधापी की स्थिति न बने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। डीआरएम दीपक कुमार सिन्हा ने यहां इस बात पर भी जोर दिया कि ट्रेनों के संचालन में किसी भी प्रकार से ऐन मौके पर बदलाव न किया जाए। उन्होंने यहां परिचालन विभाग के अधिकारियों से कहा कि ये सुनिश्चित कर लें कि ट्रेन अपने निर्धारित समय पर प्लेटफॉर्म पर लगा दी जाए। साथ ही मेला स्पेशल ट्रेनों की जानकारी लगातार उधोषणा के जरिए दी जाए। एक ही गेट से है प्रवेश, बाहर जाने के कई गेट महाकुंभ में मची भगदड़ के बाद से रेल प्रशासन की ओर से खासी सतर्कता बरती जा रही है। सोमवार को वसंत पंचमी का विशेष स्नान है, जिसके चलते स्टेशन पर प्रयागराज जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने लगी है। यात्रियों को स्टेशन के मुख्य द्वार से ही प्रवेश दिया जा रहा है। झांसी से और बढ़ीं मेला स्पेशल ट्रेनें
रविवार को कुंभ जाने वाले यात्रियों की ज्यादा भीड़ उमड़ने की संभावना है, जिसके चलते स्पेशल ट्रेनें संचालित की जाएंगी। वीरांगना लक्ष्मीबाई, झांसी स्टेशन से गाड़ी संख्या 01809 सुबह चार बजे, गाड़ी संख्या 01801 सुबह 6:10 बजे, गाड़ी संख्या 01811 सुबह 10:10 बजे, 01803 रिंग रेल स्पेशल दोपहर 12 बजे और 01804 रिंग रेल स्पेशल रात 8:10 बजे प्रयागराज के लिए जाएगी। टिकिट चैकिंग के लिए भी टीमें बनाईं महाकुंभ की शुरूआत से लेकर अबतक रेलवे श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दर्जनों ट्रेनें चला चुका है। लेकिन इन ट्रेनों ने रेलवे को उनके संचालन का खर्च तक नहीं मिला है। झांसी मंडल से मेला स्पेशल ट्रेनों मे ंसवार होने वाले लाखों यात्रियों ने सफर के लिए टिकट ही नहीं लिए। ऐसे में रेलवे ने बिना टिकट यात्रियों को रोकने के लिए टिकट चेकिंग स्टाफ की टीमें गठित कर दी हैं। यह टीमें स्टेशन के प्रवेश द्वारा पर तैनात की जाएंगी। इसके अलावा छोटे स्टेशनों पर भी टिकट चेकिंग स्टाफ तेनात किया जा रहा है।


