भास्कर न्यूज | जालंधर 77वें गणतंत्र दिवस के मौके पर गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम में कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने जिला स्तरीय समागम के दौरान राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस मौके पर राज्यसभा सदस्य संत बलवीर सिंह सीचेवाल, विधायक बलकार सिंह, मेयर वनीत धीर, डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल, पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर भी मौजूद थी। कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने देश के स्वतंत्रता संग्राम में पंजाबियों द्वारा की कुर्बानियों को नमन किया वहीं भारतीय संविधान में बाबा साहिब डॉ. भीम राव अंबेडकर के योगदान को भी सलाम किया। उन्होंने कहा कि भगवंत मान सरकार शहीदों के सपनों को साकार करने के लिए वचनबद्ध है। राज्य सरकार ने 3 सालों में पहली बार मूल्य-आधारित माइनिंग नीलामी शुरू की है। पारदर्शी ऑनलाइन नीलामी प्रणाली के जरिए राज्य के आर्थिक संसाधनों की रक्षा के साथ-साथ योग्य ऑपरेटरों के लिए बराबर के अवसर प्रदान किए जा रहे है। इसके साथ ही अवैध खनन पर भी लगाम कसी जा रही है। पंजाब में कई दशकों बाद पहली बार राज्य के 13 हजार से अधिक गांवों के छप्पड़ों की सफाई की गई है। पिछले 20-30 सालों से बंद पड़े 6900 किलोमीटर से अधिक लंबाई वाले 18,349 जल स्रोतों को पुनर्जीवित किया गया है, जिससे 1300 से अधिक स्थानों को पहली बार सिंचाई के लिए नहर का पानी मिला। उन्होंने कहा कि ‘हर घर जल’ योजना के तहत 100 प्रतिशत ग्रामीण घरों को पाइप के जरिए पानी की सप्लाई देने वाला पंजाब देश का पांचवां राज्य है। इस मौके पर आईजीपी इंटेलिजेंस पंजाब बाबू लाल मीणा, जिला व सेशंस जज निरभउ सिंह गिल, चेयरमैन पंजाब सहकारी कृषि विकास बैंक पवन टीनू, चेयरमैन मंगल सिंह बस्सी, चेयरमैन अब्दुल बारी सलमानी, चेयरमैन गगनदीप सिंह काकू आहलूवालिया, कमिश्नर नगर निगम संदीप रिशी, जॉइंट कमिश्नर पुलिस संदीप शर्मा, एडीसी जसबीर सिंह, एडीसी अमनिंदर कौर, एडीसी नवदीप कौर, जॉइंट कमिश्नर मंदीप कौर एवं सुमनदीप कौर मौजूद थे।


