भास्कर न्यूज | लुधियाना इस्कॉन मंदिर सिविल लाइंस की ओर से आज 3 मार्च शाम 6 बजे से गौर पूर्णिमा एवं पुष्प होली महोत्सव का भव्य आयोजन एक होटल में किया जाएगा। यह उत्सव चैतन्य महाप्रभु के आविर्भाव दिवस के उपलक्ष्य में मनाया जा रहा है। इस्कॉन मंदिर के अध्यक्ष नरोत्तमानंद दास प्रभु ने बताया कि इस पावन अवसर पर भगवान के लिए विशेष फूल बंगला सजाया जाएगा। ग्रहण के पश्चात होने वाले इस कार्यक्रम में महाप्रभु का दिव्य अभिषेक होगा और उन्हें 1008 सात्विक व्यंजनों का महाभोग लगाया जाएगा। इस्कॉन की 60वीं वर्षगांठ के अवसर पर प्रभुपाद के जीवन और वैश्विक आध्यात्मिक यात्रा पर आधारित एक विशेष प्रदर्शनी भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगी। कार्यक्रम में इस्कॉन भक्तों द्वारा मधुर हरिनाम संकीर्तन और सामूहिक महामंत्र जप का आयोजन होगा। नरोत्तमानंद दास ने सभी नगरवासियों से इस आध्यात्मिक उत्सव में शामिल होकर पुण्य लाभ कमाने की अपील की है।


