भास्कर न्यूज | जालंधर माता प्रकाश कौर कप के लिए 19वां ऑल इंडिया बलवंत सिंह कपूर अंडर-19 लड़कों का हॉकी टूर्नामेंट आज से शुरू होगा। टूर्नामेंट को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। शनिवार को आयोजकों ने ओलिंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम में तैयारियों का जायजा लिया। टूर्नामेंट के प्रधान हरभजन सिंह कपूर ने बताया कि यह टूर्नामेंट लीग बेसिस पर खेला जाएगा। यह टूर्नामेंट हमारी फैमिली के लिए काफी खास है। इसी टूर्नामेंट से खेलते हुए खिलाड़ियों ने ओलिंपिक से लेकर भारतीय हॉकी टीम के कप्तान तक का सफर तय किया है। वहीं, टूर्नामेंट के पैट्रन गुरशरन सिंह कपूर ने बताया कि उद्घाटन कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद संत बलबीर सिंह सीचेवाल मुख्यातिथि होंगे। वहीं वज्र कोर के लेफ्टिनेंट जनरल अजय चांदपुरिया विजेताओं को पुरस्कार वितरित करेंगे। उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट की चैंपियन टीम को इस बार 1.50 लाख रुपए कैश प्राइज, चैंपियनशिप की ट्रॉफी, जबकि रनर-अप टीम को एक लाख रुपए कैश प्राइज दिया जाएगा। इस मौके पर गुरशरन सिंह कपूर, हरभजन सिंह कपूर, तीर्थ सिंह कपूर, हॉकी कोच अवतार सिंह, ओलिंपियन संजीव कुमार मौजूद रहे। 1. एसएआईएल हॉकी अकादमी रुड़केला वर्सेज जरखड़ हॉकी अकादमी लुधियाना सुबह 9 बजे 2. आर्मी ब्वायज स्पोर्ट्स कंपनी बंगलुरू वर्सेज शाहबाद हॉकी अकादमी हरियाणा सुबह 11 बजे 3. साई सोनीपत हरियाणा वर्सेज सुरजीत हॉकी अकादमी जालंधर 1:30 बजे 4. ओडिसा नवल टाटा हाई परफार्मेंस सेंटर वर्सेज साई लखनऊ 3 बजे


