आज से 29 मई तक बारिश के आसार, 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

भास्कर न्यूज |गिरिडीह मौसम विभाग ने जिले भर में 26-29 मई तक भारी बारिश, गरज-चमक, आंधी और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। जिले के मौसम को लेकर मौसम विज्ञान केंद्र ने अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, 25 से 29 मई तक जिले के अधिकांश स्थानों में वज्रपात के साथ बारिश होने की संभावना है। साथ ही 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। जिले के कई क्षेत्रों में मूसलधार बारिश हो सकती है। मौसम वैज्ञानिक मधुकर कुमार ने कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून 16 वर्षों के बाद समय से 8 दिन पहले 24 मई को केरल में दस्तक दे चुका है। जबकि सामान्य तिथि 1 जून है। 16 साल में ऐसा पहली बार हुआ जब मानसून इतनी जल्दी आया है। 2009 में मानसून 9 दिन पहले पहुंचा था। वहीं, पिछले साल 30 मई को दस्तक थी। एक हफ्ते में देश के दक्षिणी और पूर्वोत्तर राज्यों जबकि 4 जून तक मध्य और पूर्वी भारत को कवर कर सकता है। आम तौर पर मानसून 1 जून को केरल पहुंचता है और 8 जुलाई तक पूरे देश को कवर कर लेता है। यह 17 सितंबर के आसपास वापस लौटना शुरू करता है और 15 अक्टूबर तक पूरी तरह से वापस चला जाता है। मानसून की शुरुआत की तारीख और सीजन के दौरान कुल बारिश के बीच कोई संबंध नहीं है। इसके जल्दी या देर से पहुंचने का मतलब यह नहीं है कि यह देश के अन्य हिस्सों को भी उसी तरह कवर करेगा। कृषि वैज्ञानिक मधुकर कुमार ने कहा कि किसान धान की खेती के लिए खेत में धान का बीज लगाने के लिए क्यारी की तैयारी में जुट जाएं। मौसम साफ होते ही खेत मे धान का बीज की बुआई कर लें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *