बाड़मेर| भारतीय किसान संघ के बैनर तले रामसर के किसानों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंप कर आदान-अनुदान की राशि दिलाने की मांग की है। ज्ञापन में बताया कि किसानों को रबी-खरीफ दोनों की आदान-अनुदान राशि नहीं मिली है। 70 फीसदी किसानों को राशि का इंतजार है। काश्तकार तहसील कार्यालयों के चक्कर काट रहे है, लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा है। खरीफ 2023 में रामसर क्षेत्र में अकाल था, इसके बावजूद उन्हें अनुदान राशि नहीं मिली है। कुछ किसानों के खातों में राशि जमा की गई, लेकिन 70 फीसदी किसान वंचित है। इसके अलावा फसल बीमा योजना में किसानों को समय पर पॉलिसी भी नहीं मिल रही है। सहकारी बैंकों से किसान क्रेडिट कार्ड उपलब्ध करवाने की मांग की गई। किसान नेता पन्नाराम खड़ीन, पूनमाराम लेघा, हठेसिंह, खमीसा, कासम आदि मौजूद रहे।


