भास्कर संवाददाता | बाड़मेर जिले में अब सभी रिक्त पदों पर नर्सिंग अधिकारी नियुक्त होंगे। निदेशालय चिकित्सा एवं स्वास्थ्य परिवार कल्याण सेवाएं की ओर से जारी सूची में जिले में 169 नर्सिंग अधिकारियों को नियुक्ति आदेश दिए गए है। जिले में चल रही नर्सिंग कार्मिकों की कमी अब पूरी होगी। ऐसे में अब जिले के सभी सीएचसी, पीएचसी तथा जिला अस्पतालों में रिक्त पदों पर नर्सिंग कार्मिक होंगे। जिले के पीएचसी, सीएचसी पर 256 पदों में से 144 पदों पर ही नर्सिंग कार्मिक नियुक्त है। ऐसे में अब जिले रिक्त 112 पदों पर कार्मिक नियुक्त होंगे। जिला अस्पताल बाड़मेर को 57 नर्सिंग अधिकारी मिले है। जिला अस्पताल की सभी सीटों भर जाएगी। अस्पताल में पहले से निविदा पर कार्यरत 16 कार्मिकों को पद स्थापित किया गया है। ऐसे में अब जिला अस्पताल में 340 नर्सिंग अधिकारी सेवाएं देंगे। अस्पताल में 44 पद रिक्त चल रहे थे। अब अस्पताल में 220 स्थाई व 120 नर्सिंग अधिकारी ठेका प्रणाली से लगाए गए है। वहीं दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग के सभी पीएचसी, सीएचसी पर नर्सिंग अधिकारियों की नियुक्ति से स्वास्थ्य सेवाओं में बढ़ोतरी होगी। सीएमएचओ डॉ. संजीव मित्तल ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग निदेशालय की जारी सूची में करीब शत प्रतिशत पद भर दिए गए है। जिले के पीएचसी सीएचसी पर 112 पद रिक्त चल रहे थे इन सभी पदों पर कार्मिकों को नियुक्ति दी गई है। ऐसे में अब सरकार की सभी योजनाओं का सुचारू क्रियान्वयन होगा। अस्पताल अधीक्षक डॉ. बीएल मसूरिया ने बताया कि पहले से अस्पताल में सीनियर नर्सिंग ऑफिसर से पद फुल है अब नर्सिंग ऑफिसर के सभी पदों पर कार्मिकों को नियुक्त मिली है। ऐसे में अब सभी वार्ड संचालित हो सकेंगे।


