भास्कर न्यूज | अमृतसर भाजपा के जिला शहरी प्रधान हरविंदर सिंह संधू की अगुवाई में पार्टी दफ्तर शहीद हरबंस लाल खन्ना स्मारक में रविवार को दूसरे दिन भी केंद्रीय योजनाओं आधारित सुविधा कैंप जारी रहा। इसमें सैकड़ों लोगों ने लाभ लिया। जिला प्रधान हरविंदर सिंह संधू ने कहा कि सूबा सरकार अपनी खामियों छुपाने के लिए लोगों को केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ लेने से वंचित रख रही है। संधू ने बताया कि पंजाब भाजपा आईटी टीम के सह-प्रभारी शेखर राणा के नेतृत्व में भेजी गई टीम के मेंबरों गुरजिंदर सिंह, पूजा सैनी तथा लवप्रीत कौर ने कैंप में को केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाया। इसमें आयुष्मान भारत योजना, 70 वर्ष के ऊपर वाले लोगों को स्वास्थ्य बीमा, आवास योजना तथा पेंशन योजना आदि के कार्ड बनाए गए। प्रधान का कहना है कि भगवंत मान सरकार जानबूझ कर मोदी सरकार की योजनाओं को जनता तक नहीं पहुंचने दे रही, क्योंकि केजरीवाल तथा भगवंत मान को पता है कि उन्होंने पंजाब की जनता से सिर्फ धोखा ही किया है। इस लिए भाजपा समय समय पर मोदी सरकार की योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाने के लिए ऐसे कैंप लगाती रहती है। इस मौके पर आईटी सैल पंजाब के संयोजक अजय अरोड़ा, जिला उपाध्यक्ष जसपाल सिंह शंटू, पार्षद कृति अरोड़ा, डॉ. नीरज शर्मा, दफ्तर सचिव सतपाल डोगरा आदि मौजूद थे।


