भास्कर न्यूज|बूंदी पानी, बिजली और मौसमी बीमारियों संबंधी प्रशासनिक समीक्षा बैठक सोमवार को जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। इसमें पेयजल, बिजली आपूर्ति व्यवस्था एवं मौसमी बीमारियों की रोकथाम के प्रबंधों की समीक्षा कर अधिकारियों को निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि हर हाल में आमजन को शुद्ध पेयजल मिलना चाहिए। अगर इस कार्य में किसी की लापरवाही मिली तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। आमजन को शुद्ध पेयजल मिले। पाइप लाइनों के लीकेज तुरंत दुरुस्त किए जाएं। किसी भी तरह से दूषित पेयजल आपूर्ति नहीं होनी चाहिए। दूषित पेयजल संबंधी शिकायत मिलने पर तुरंत उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए। उच्च स्तर से मांगी गई सूचनाओं को शीघ्र भिजवाया जाए। इसमें किसी भी स्तर पर देरी नहीं हो, इसका ध्यान रखना होगा। बैठक में कलेक्टर ने अमृत 2.0 अभियान के तहत जिले के शहरी क्षेत्रों में पेयजल की व्यवस्था को लेकर टेंडर प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आमजन को शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए जल्द से जल्द टेंडर प्रक्रिया को पूर्ण कर निर्माण कार्य शुरू किया जाए। गोदारा ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि एसडीआरएफ नॉर्म्स के तहत होने वाले सभी मरम्मत कार्यों को पूर्ण कराया जाए। साथ ही उनके भुगतान की प्रक्रिया को तय समय सीमा में पूर्ण कर लिया जाना चाहिए। गोदारा ने स्वीकृत तीन नए जीएसएस के जमीन आवंटन की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सानिवि को निर्देश दिए कि केशवरायपाटन में निर्माणाधीन आरओबी के लंबित मुआवजा के वितरण में प्रगति लाई जाए। आरओबी निर्माण कार्य में कार्य प्रगति बढ़ाएं। आंगनबाड़ी केंद्रों के भूमि आवंटन प्रस्ताव भेजो गोदारा ने निर्देश दिए कि ब्लॉकवार शुरू किए गए नए आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए भूमि आवंटन के लिए शीघ्र प्रस्ताव तैयार कर भिजवाए जाएं। उन्होंने विद्युत निगम के अभियंता को निर्देश दिए कि गेण्डोली, सुमेरगंजमंडी में कनेक्शन के प्रकरण का निस्तारण शीघ्र किया जाए। सांसद-विधायक कोष के तहत होने वाले विभिन्न निर्माण कार्य में स्वीकृतियां जारी करके जल्द से जल्द कार्य शुरू कराएं।


