भास्कर न्यूज | भीलवाड़ा दी इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की भीलवाड़ा शाखा एवं आईसीएआई की प्रैक्टिस में कार्यरत सदस्यों की समिति (सीएमपी) कमेटी के तत्वावधान में केन्द्रीय बजट 2026 आर्थिक समीक्षा 2025-26 एवं मॉक जीएसटीएटी पर एक दिवसीय संगोष्ठी आयोजित की गई। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य नवीन बजट में किए गए परिवर्तनों, कर सुधारों, विभिन्न उद्योगों पर पड़ने वाले प्रभावों तथा सरकार की आर्थिक नीतियों की गहन समीक्षा करना था। शाखा अध्यक्ष सीए आलोक सोमानी ने कहा कि प्रत्येक वर्ष प्रस्तुत होने वाला आम बजट न केवल देश की आर्थिक दिशा तय करता है, बल्कि व्यापार एवं उद्योग जगत के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। रीजनल कौंसिल मेम्बर सीए निर्भीक गांधी ने बताया कि इस सेमिनार का उद्देश्य बजट में प्रस्तावित नीतियों एवं कराधान से जुड़े बदलावों की जानकारी देना है, जिससे सीए सदस्य अपने क्लाइंट्स एवं व्यवसायों को बेहतर एवं सटीक मार्गदर्शन प्रदान कर सकें। शाखा सचिव सीए अक्षय सोढानी ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य वक्ता जयपुर के वरिष्ठ अधिवक्ता सीए संजय झंवर ने केन्द्रीय बजट का विश्लेषण विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने बजट में प्रस्तावित नई नीतियों, प्रत्यक्ष कर प्रणाली में किए गए परिवर्तनों, विभिन्न छूटों तथा राजकोषीय नीतियों की समीक्षा की। उन्होंने बदलावों में प्रकाश डालते हुए मुख्य बदलावों को साझा किया।


