आयकर भरने की अंतिम तिथि सोमवार को समाप्त हो गई। लेकिन काफी संख्या में लोग आयकर रिटर्न भरने से वंचित रह गए। क्योंकि, पिछले तीन दिनों से आयकर विभाग की साइट काफी स्लो चल रही है। इस वजह से स्वयं रिटर्न भरने वाले लोग अपना रिटर्न नहीं भर पाए। सीए और प्रोफेशनल भी मात्र 70 से 80 प्रतिशत क्लाइंट का ही रिटर्न भर पाए। एक सीए ने बताया कि आयकर विभाग की साइट से 26 एएस रिपोर्ट और एआईएस रिपोर्ट देर से निकल रहा है। इस वजह से रिटर्न फाइलिंग में दिक्कत हो रही है। जो रिपोर्ट आ रही है, उसमें भी कई आइटम छूटे हुए हैं। इस वजह से काफी परेशानी हो रही है। टैक्स भुगतान का पेज खुल नहीं रहा है या काफी देर से खुल रहा है। इस वजह से टैक्स का भुगतान नहीं हो पाया है। आधार वेरिफिकेशन में भी दिक्कत हो रही है। इसका नतीजा है कि जहां एक रिटर्न फाइलिंग में औसतन 20 मिनट समय लगता था, अभी उसमें करीब 50 मिनट समय लग रहा है। यह स्थिति पिछले तीन दिनों से बनी हुई है। शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई। ऐसे में तिथि नहीं बढ़ने से रिटर्न फाइल करने वालों की परेशानी बढ़ जाएगी।


