भास्कर न्यूज | राजनांदगांव शिक्षा का अधिकार अधिनियम आरटीई में निजी स्कूलों की सीटें हर साल घट रही है। अविभाजित राजनांदगांव जिले में पांच साल पहले निजी स्कूलों की करीब 5300 सीटों में एडमिशन दिया गया। इसके बाद हर साल सीटों की संख्या घटती चली गई। इसका प्रमुख कारण जिले के विभाजन और निजी स्कूलों का बंद होना बताया जा रहा है। लेकिन नोडल अफसरों की सुस्ती और निजी स्कूलों की मनमानी से इंकार नहीं किया जा सकता। इस साल 200 स्कूलों की करीब 1700 सीटों पर एडमिशन दिया जाएगा। स्कूल शिक्षा विभाग ने करीब 2 माह पहले शेड्यूल जारी किया है। आरटीई के पोर्टल में तकनीकी खराबी और सर्वर की समस्या के चलते निजी स्कूलों के नाम और सीटों की संख्या नहीं दिखने से पालक परेशान थे। इसे तीन दिन पहले दुरुस्त किया गया और स्कूल एवं सीटें दिखने का दावा भी किया जा रहा है। पोर्टल से एडमिशन कराने ऑनलाइन आवेदन करने पालक परेशान रहे। पालकों को पोर्टल में अपने पसंदीदा स्कूल और खाली सीटों की संख्या नहीं दिख रही थी। फॉर्म जमा करने अंतिम तिथि 31 मार्च है। डीपीआई से पोर्टल ओपन करने पर नोडल अफसर जागे और निजी स्कूलों की प्रोफाइल अपडेट की गई है। जिलेभर के कुल 81 स्कूलों का हाल ही में प्रोफाइल अपडेशन किया गया चुनाव में शिक्षकों की ड्यूटी, बोर्ड परीक्षा के चलते आरटीई में नोडल अफसरों की कार्यशाला का आयोजन नहीं किया गया। डीईओ प्रवास सिंह बघेल ने बताया पोर्टल का सर्वर डाउन होने के कारण प्रदेशभर में समस्या रही। डीपीआई से पोर्टल खुला और सर्वर चलने पर हाल ही में करीब 81 निजी स्कूलों का प्रोफाइल अपडेट किया गया। अपडेशन पूरा होने पर जिले में स्कूल और सीटों की संख्या दिख रही है। नोडल अफसरों और निजी स्कूलों को नोटिस जारी किया था। यह कार्य पूरा होने से पालकों को आवेदन करने में परेशानी नहीं होगी। स्कूल के नाम सीटें प्रदर्शित हो रही है। अंतिम तिथि को ध्यान में रख तेजी से काम किया नोडल अफसर पालकों की मदद कर रहें है। आरटीई में एडमिशन देने 20 से 30 जून में शुरू हो जाएगा दूसरा चरण आरटीई के दूसरे चरण में 2 से 16 जून के बीच नवीन स्कूल पंजीयन, दर्ज संख्या की प्रविष्टि ओर डीईओ द्वारा सत्यापन किया जाएगा। 20 से 30 जून के बीच पंजीयन एवं आवेदन लिए जाएंगे। 1 से 8 जुलाई के बीच नोडल अधिकारी द्वारा दस्तावेजों की जांच की जाएगी। 14 एवं 15 को लॉटरी एवं आवंटन होगा। 18 से 31 जुलाई तक एडमिशन देंगे। 1 से 30 अगस्त के बीच ऑनलाइन दावा आपत्ति और निराकरण किया जाएगा। सरकारी स्कूल के प्राचार्यों को आरटीई का नोडल अधिकारी बनाया है जो निजी स्कूलों से संपर्क में रहेंगे और पालकों की मदद करेंगे। इस साल 4 निजी स्कूलों ने दी स्कूल बंद करने की सूचना, अब सीटें कम हो रही हैं विगत वर्ष करीब 175 निजी स्कूलों में 1705 सीटों के लिए 4500 आवेदन पहुंचे थे इसमें दो चरण में सभी सीटों में प्रवेश दिया गया था। शिक्षा विभाग के अफसर इस बार भी यही स्थिति रहने की संभावना जा रहें है। इसके पहले 2500 सीटों में प्रवेश दिया गया था। अविभाजित राजनांदगांव में करीब 4500 और उससे पहले 5300 से ज्यादा सीटों में एडमिशन दिया गया था। निजी स्कूल बंद होने से सीटों की संख्या कम होती चली गई। इस साल चार निजी स्कूलों ने स्कूल बंद होने की शिक्षा विभाग को सूचना दी है। दर्ज संख्या कम होने से सीटें कम हो रही है।


