चित्तरंजन| पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल ने पर्यावरणीय स्थिरता और हरित भविष्य के संकल्प के तहत मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में सामूहिक पौधारोपण किया। कार्यक्रम की थीम थी एक पेड़ मां के नाम। इस भावनात्मक पहल के जरिए लोगों को अपनी मां के सम्मान में पेड़ लगाने के लिए प्रेरित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक चेतना नंद सिंह ने शाखा अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मिलकर पौधे लगाए। उन्होंने अभियान का नेतृत्व किया। चेतना नंद सिंह ने कहा कि यह पहल मातृत्व को श्रद्धांजलि है और पर्यावरण की रक्षा का सामूहिक संकल्प भी। उन्होंने कहा कि पेड़ हवा को शुद्ध करते हैं, ऑक्सीजन देते हैं, मिट्टी के कटाव को रोकते हैं और तापमान नियंत्रित करते हैं। जैव विविधता को बढ़ावा देने में भी इनकी भूमिका अहम है। शहरी और औद्योगिक क्षेत्रों में यह और भी जरूरी हो जाता है। चेतना नंद सिंह ने कर्मचारियों की भागीदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि रेलवे परिचालन में स्थिरता जरूरी है। पर्यावरण के प्रति जागरूकता लगातार बनी रहनी चाहिए। मंडल का प्रयास है कि ऐसे अभियानों से आसपास का वातावरण हरा-भरा बनाया जाए।


