आसमान में पतंगों की जोशीली उड़ान:दिनभर डोर, पतंग और पेंच का रहा रोमांच, वो काटा… ये कटा’ के शोर से माहौल गूंजता रहा

बुधवार को जयपुर में मकर संक्रांति पर्व पूरे उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही शहर का आसमान रंग-बिरंगी पतंगों से ढक गया। खासतौर पर परकोटा क्षेत्र में पतंगबाज़ी का उत्साह सबसे अधिक देखने को मिला। यहां छतों पर लोग सुबह से शाम तक पतंग उड़ाते नजर आए और ‘वो काटा… ये कटा’ के शोर से माहौल गूंजता रहा। त्योहार को लेकर बापू बाजार, जौहरी बाजार, किशनपोल, चौड़ा रास्ता और त्रिपोलिया बाजार सहित परकोटा के इलाकों में खास रौनक रही। वहीं शहर के अन्य हिस्सों मानसरोवर, मालवीय नगर, जगतपुरा, वैशाली नगर और विद्याधर नगर में भी लोगों ने बढ़-चढ़कर पतंगबाजी की। पतंग, मांझा और खानपान की दुकानों पर दिनभर भीड़ रही। तिल-गुड़ से बने पारंपरिक व्यंजनों की जमकर खरीदारी हुई। जलमहल की पाल, आमेर और नाहरगढ़ में सामूहिक पतंगबाज़ी का नजारा देखने को मिला, जहां विदेशी पर्यटकों ने भी इस पर्व का आनंद लिया। शाम होते ही शहर में आतिशबाजी शुरू हो गई, जो देर रात तक चलती रही। कुल मिलाकर मकर संक्रांति का पर्व जयपुर में उल्लास और परंपरा का प्रतीक बना रहा। मांझे का कहर: कहीं नाक तो कहीं गला कटा, 150 से ज्यादा लहूलुहान शहर में मकर संक्रांति पर पतंगबाजी के दौरान मांझे से 150 से ज्यादा लोग घायल होकर हॉस्पिटल पहुंचे। साथ ही कई लोगों के पतंगबाजी के दौरान गिरने से फ्रेक्चर भी हो गया। एसएमएस हॉस्पिटल के ट्रॉमा सेंटर में शाम 6 बजे तक 32 घायल आए, इनमें 12 को गंभीर चोट की वजह से भर्ती किया है। वहीं, बाकी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी। इनमें ज्यादातर लोग गर्दन, नाक व अन्य जगह मांझे से कटकर घायल हुए थे। जयपुरिया में करीब 50, आरयूएचएस में 20, गणगौरी हॉस्पिटल में 14 घायल पहुंचे हैं। पतंग लूटने के चक्कर में 7 फीट गहरे नाले में गिरा 11 वर्ष का बच्चा, मौत खोह नागोरियान थाना इलाके में मंगलवार शाम को एक बालक पतंग लूटने के दौरान 7 फीट गहरे नाले में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने जेएनयू अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे का कारण पतंग लूटना बताया जा रहा है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। थानाधिकारी खोह नागोरियान ओमप्रकाश मातवा ने बताया कि हादसे में रोपाड़ा स्थित बापू नगर निवासी अर्पित (11) पुत्र महेंद्र की मौत हो गई। अर्पित का परिवार मूल रूप से दौसा के सिकराय का रहने वाला है। तीन पीढ़ियों से हो रहा आयोजन, इस बार भी संक्रांति पर निभाई परंपरा मकर संक्रांति के पर सोंखियों का रास्ता किशनपोल बाजार स्थित श्री रामेश्वरम में तीन पीढ़ियों से चली आ रही मकर संक्रांति की परंपरा इस वर्ष भी साकार हुई। आयोजनकर्ता राजू मंगोडीवाला ने बताया कि जयपुर की आतिशबाजी एवं पतंगबाजी विश्वभर में परकोटे की पहचान है, जिसे देखने के लिए राजनीतिक, प्रशासनिक और विदेशी पर्यटकों का विशेष जमावड़ा रहता है। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी, हरियाणा भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया, सांसद मंजू शर्मा, राजस्थान वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी, पूर्व विधायक मोहनलाल गुप्ता, वैभव गहलोत, ज्वेलर्स एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष डीपी खंडेलवाल, गोपाल गुप्ता, जसपाल सिंह आहलुवालिया, जीडी माहेश्वरी, वैश्य इंटरनेशनल एसोसिएशन के राजस्थान सह-प्रभारी मुकेश विजयवर्गीय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *