पिछले साल के टॉपर्स की कॉपी से कराएंगे बोर्ड परीक्षा की तैयारी

भास्कर संवाददाता | झुंझुनूं इस बार बोर्ड परीक्षाएं मार्च की जगह एक महीने पहले फरवरी में शुरू हो जाएंगी। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने 10वीं व 12वीं बोर्ड परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया है। परीक्षाएं फरवरी में शुरू हो जाएंगी। निदेशालय ने वार्षिक परीक्षा का शेष रहा पाठ्यक्रम 31 जनवरी तक पूरा करवाने के निर्देश दिए हैं। अब बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए शिक्षा विभाग ने विशेष प्लानिंग करते हुए मिशन सरोकार कार्यक्रम शुरू किया है। इसमें दसवीं व बारहवीं कक्षा के छात्रों के लिए बोर्ड परीक्षा पैटर्न पर आधारित मॉडल पेपर तैयार किए जाते हैं, ताकि विद्यार्थी अभ्यास कर सके। इसके अलावा पिछले साल के टॉपर्स बच्चों की कॉपी से भी तैयारी करवाई जाएगी। इस दौरान शिक्षकों का फोकस विद्यार्थियों को रिवीजन करवाने व विषय से संबंधित डाउट्स दूर करने पर रहेगा। सर्दी के कारण घोषित की गई छुट्टियों से पढ़ाई के दिन कम हो गए। टॉपर विद्यार्थियों की कॉपी से लिखने की शैली समझ सकेंगे विद्यार्थी : पिछले साल टॉपर रहे विद्यार्थियों की कॉपी व मॉडल पेपर से तैयारी करने का मतलब है कि उनकी लिखने की शैली, प्रजेंटेशन और सवाल के जवाब की संरचना को समझा जाए, ताकि विद्यार्थी अपने पेपर में बेहतर अंक प्राप्त कर सकें। पुराने प्रश्न पत्रों और मॉक टेस्ट से नियमित अभ्यास करने से विद्यार्थी अपनी गलतियों से सीख सकेंगे। 10वीं कक्षा की परीक्षा 12 फरवरी से 28 फरवरी तक होगी, जो 17 दिन चलेगी। जबकि 12वीं कक्षा की परीक्षाएं भी 12 फरवरी से 11 मार्च तक होगी। सिलेबस पूरा करवा दिया गया है, अब शेष कार्य दिवस में विद्यार्थियों को रिवीजन और विषय से संबंधित डाउट्स दूर किए जा रहे हैं। ब्लॉक स्तर पर जिन स्कूलों में विषय अध्यापक नहीं है, वहां ब्लॉक परिक्षेत्र से संबंधित विषय के अन्य शिक्षकों के सहयोग से विद्यार्थियों के डाउट्स दूर किए जाएंगे। – अशोक शर्मा, सीडीईओ

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *