इंजीनियर अविचल दाधीच ने गुजरात टाइटंस कैंप में छोड़ी गेंदबाजी की छाप

भीलवाड़ा | शहर के संजय कॉलोनी निवासी फास्ट बॉलर अविचल दाधीच ने नाथद्वारा में आयोजित गुजरात टाइटंस टीम के चार दिवसीय प्रशिक्षण कैंप में नेट बॉलर के रूप में भाग लेकर भीलवाड़ा का नाम रोशन किया। कैंप के दौरान अविचल ने भारत के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज और गुजरात टाइटंस के मुख्य कोच आशीष नेहरा के सानिध्य में अपनी गेंदबाजी का प्रदर्शन किया, जिससे वे सभी खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ को प्रभावित करने में सफल रहे। इस हाई-प्रोफाइल कैंप में राहुल तेवतिया, शाहरुख खान, अनुज रावत, साई किशोर, कुमार कुशाग्रा और जयंत यादव जैसे स्टार खिलाड़ी मौजूद रहे। बल्लेबाजी अभ्यास सत्र के दौरान अविचल की सटीक लाइन-लेंथ और रफ्तार ने बल्लेबाजों को खासा परेशान किया। कैंप में टीम के बल्लेबाजी कोच पार्थिव पटेल भी मौजूद रहे। अविचल दाधीच पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं, लेकिन क्रिकेट के प्रति उनका जुनून बचपन से ही रहा है। वर्तमान में वे जयपुर में रहकर नियमित अभ्यास कर रहे हैं। इससे पहले वे भीलवाड़ा जिले से अंडर-14, अंडर-16 और अंडर-19 टीमों का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। क्रिकेट की बारीकियां उन्होंने ईश्वर सुवालका और शैलेन्द्र गहलोत जैसे अनुभवी कोचों से सीखी हैं। अविचल की इस उपलब्धि से जिले के युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा मिली है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *