रायपुर एयरपोर्ट से देश के अलग-अलग शहरों में सफर करने वाले यात्रियों को अब तक राहत नहीं मिली है। मंगलवार को भी रायपुर से जाने वाली इंडिगो की चार फ्लाइट रद्द रही। वहीं मुंबई से रायपुर आने वाली एक फ्लाइट कैंसिल रही। इंडिगो की रायपुर से मुंबई, कोलकाता, दिल्ली और हैदराबाद जाने वाली फ्लाइट रद्द कर दी गई। इसी तरह दोपहर बाद मुंबई से उड़ान भरकर शाम 5 बजे रायपुर पहुंचने वाली फ्लाइट भी कैंसिल रही। इसके चलते यात्रियों को भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। वहीं उड़ानों के रद्द होने के चलते रायपुर एयरपोर्ट पर लोग लगातार अपने लगेज के लिए भी भटक रहे हैं। जिनका लगेज अब तक रायपुर नहीं पहुंचा है वे रोजाना एयरपोर्ट जाकर अपने सामान को लेकर पूछताछ कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ सिविल सोसाइटी ने इंडिगो को नोटिस भेजा
इधर, छत्तीसगढ़ सिविल सोसाइटी ने इंडिगो को कानूनी नोटिस भेजा है। सोसायटी के संयोजक डॉ. कुलदीप सोलंकी ने इंडिगो के प्रबंध निदेशक/सीईओ को लीगल नोटिस भेजा है। नोटिस में कहा गया है कि पांच दिनों में तीन हजार से अधिक फ्लाइट्स रद्द हुई हैं। इतनी बड़ी संख्या में फ्लाइट कैंसिल करना न सिर्फ यात्रियों के अधिकारों का उल्लंघन है, बल्कि भारतीय कानूनों और डीजीसीए के दिशा निर्देशों की अनदेखी भी है। सोसायटी ने कहा है कि इंडिगो ने बिना पूर्व सूचना, बिना पारदर्शी कारण बताए फ्लाइट्स रद्द कीं, जिससे हजारों यात्रियों की यात्रा प्लानिंग फेल हुई। उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ। मानसिक तनाव और समय का नुकसान भी हुआ। इसके एवज में 5 दिनों के भीतर सोसायटी ने हर यात्री को टिकट कीमत का कम से कम 10 गुना मुआवजा देने की मांग इंडिगो से की है। इसके अलावा होटल, वैकल्पिक यात्रा, चिकित्सा खर्च सहित सारे नुकसान की पूरी भरपाई करने को भी कहा है। मंगलवार को ये फ्लाइट रहीं रद्द पीएम, गृह मंत्री और उड्डयन मंत्री को भेजी शिकायत सोसायटी ने बताया कि प्रभावित यात्रियों की ओर से केंद्र सरकार को भी शिकायत भेज दी गई है। इसमें पूरे मामले पर डीजीसीए की विशेष जांच, इंडिगो पर ₹9000 करोड़ (1 बिलियन डॉलर) का जुर्माना और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कड़े नए कानून बनाने की मांग की गई है। सोसायटी ने चेतावनी दी है कि यदि 5 दिनों में जवाब नहीं मिला तो सक्षम न्यायालयों और प्राधिकरणों में सिविल और आपराधिक कार्रवाई शुरू की जाएगी।


