भास्कर न्यूज | राजनांदगांव मार्शल आर्ट की नेशनल प्लेयर से इंडिया टीम में चयन का झांसा देकर 6 लाख 97 हजार रुपए की ठगी कर ली गई। मामले की जांच के बाद पुलिस ने खिलाड़ी से धोखाधड़ी करने वाले सहपाठी और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। खड़गांव पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया है। खड़गांव पुलिस ने बताया कि प्रार्थी मार्शल आर्ट की नेशनल प्लेयर है। वह राजनांदगांव के एक कॉलेज में पढाई कर रही थी। इसी दौरान उसके साथ पढ़ने वाले आरोपी लोकेश सिन्हा ने उसका मार्शल आर्ट की इंडिया टीम में चयन करा देने का झांसा दिया। आरोपी लोकेश ने अपने रिश्ते के भाई टिकेंद्र कुमार सिन्हा और भोजकुमार साहू के साथ मिलकर षड़यंत्र रचा और पीड़िता से अलग-अलग प्रक्रिया की बात कहते हुए कुल 6 लाख 97 हजार रुपए ठग लिए। जब पीड़िता को किसी भी चयन ट्रायल में शामिल होने का मौका नहीं मिला तो उसने अपने पिता के माध्यम से मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराई। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी लोकेश सिन्हा, टिकेंद्र सिन्हा और भोज कुमार को गिरफ्तार किया।


