इंदौर के दो स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी:एनडीपीएस-आईपीएस स्कूल को तमिलनाडु से आया ई-मेल, दोनों बिल्डिंग खाली कराई

इंदौर में दो स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इसके बाद दोनों स्कूलों में बच्चों की छुट्‌टी कर बिल्डिंग खाली करा ली गई है। जानकारी के अनुसार, इंदौर के खंडवा रोड स्थित एनडीपीएस और राऊ स्थित आईपीएस स्कूल को मंगलवार सुबह 5.59 बजे बम से उड़ाने की धमकी मिली है। राऊ स्थित इंदौर पब्लिक स्कूल परिसर में सुबह करीब 9.30 बजे स्टूडेंट्स को अचानक घर जाने के लिए कहा गया। कोई कुछ समझ पाता उसके पहले ही बसों में बच्चों को बैठाकर घर रवाना कर दिया। बता दें कि दोनों स्कूलों में 5 हजार से ज्यादा बच्चे हैं। राजेंद्र नगर थाना टीआई नीरज बिरथरे के मुताबिक दोनों स्कूलों से सूचना मिलते ही पुलिस बल पहुंच गया था। छात्रों में अफरा तफरी मची थी। पुलिस ने मौके पर जाकर मोर्चा संभाला और हर जगह की तलाशी ली। वहां जांच में कुछ नहीं मिला है। स्कूल प्रबंधन को धमकी भरा ई-मेल तमिलनाडु से आया है। टीआई ने कहा- ई-मेल फर्जी लग रहा
टीआई बिरथरे ने बताया, बीडीएस (बम डिस्पोजल स्क्वॉड) की टीम मौके पर जांच कर रही है। पूरे थाने के 20 से ज्यादा जवान चेकिंग कर रहे हैं। प्रारंभिक रूप से फर्जी ई-मेल लग रहा है। इसे भेजने वाले का पता लगा रहे हैं। बच्चों और उनके परिजनों को घबराने की जरूरत नहीं है। स्कूल के सामने मंदिर परिसर में जमा हुए छात्र
बताया जा रहा है कि स्कूल और परिसर में लगने वाले कॉलेज के छात्रों ने अपने पेरेंट्स को फोन करके बताया कि संभवतः स्कूल को किसी तरह की धमकी मिली है। हजारों स्टूडेंट्स को ताबड़तोड़ बाहर निकाल दिया गया। बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स स्कूल के सामने की लाइन में स्थित मंदिर परिसर में जमा हो गए थे। एनडीपीएस में दूसरी शिफ्ट में आए बच्चों को स्कूल मैदान के बाद क्लास में नहीं जाने दिया और वापस बस में बैठाकर घर भेज दिया गया है। ई-मेल में लिखा- 1.30 बजे बम से उड़ जाएगा स्कूल
एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया ने बताया, ईमेल तमिल भाषा में आया है। इसे हिंदी और इंग्लिश में कन्वर्ट कराया जा रहा है। ईमेल में लिखा था कि स्कूल में आरडीएक्स फिट कर दिया है। पूरा स्कूल दोपहर 1.30 बजे बम से उड़ जाएगा। इसलिए बच्चों को तत्काल वहां से निकालिए। यह ईमेल gundakulam_jagan@hotmail.com एड्रेस से आया है। इसमें कुछ शब्द तमिल भाषा में भी लिखे हैं। मेल पढ़ते ही सभी को अलर्ट कर दिया : प्रिंसिपल
एनडीपीएस के प्रिंसिपल विंस्टन गोविश ने बताया कि आज सुबह करीब छह बजे एक मेल आया। मैंने मेल करीब साढ़े नौ बजे चेक किया। इसमें लिखा है कि एनडीपीएस और आईपीएस स्कूल को दोपहर डेढ़ बजे बम से उड़ा दिया जाएगा। आप स्टूडेंट्स को बाहर निकाल दें। मेल पढ़ने के बाद हम सभी अलर्ट हो गए और बच्चों को भी अलर्ट कर दिया। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचित किया। बम स्क्वॉड को भी सूचित किया गया। मैंने इस मेल के बारे में इंदौर पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल को भी बताया। हमने सभी बच्चों को उनके घर भेज दिया। छात्रा बोली- हमें मॉक ड्रिल का कहकर बाहर निकाला
एनडीपीएस की छात्रा श्वेता खत्री ने बताया कि हमें दो पीरियड के बाद बाहर निकाल दिया गया था। हमसे कहा गया था कि मॉक ड्रिल है। हमें तो बाहर आने के बाद पता चला कि किसी धमकी के बाद स्कूल खाली कराया गया है। हालांकि, मॉक ड्रिल की बात इसलिए कही होगी कि बच्चे घबराएं नहीं। इसके बाद पेरेंट्स को जैसे-जैसे सूचना पहुंची, वो आते गए और बच्चों को घर ले गए। इंदौर एयरपोर्ट को बस से उड़ाने की मिल चुकी धमकी
करीब 4 महीने पहले इंदौर के देवी अहिल्या बाई इंटरनेशनल एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। इसके बाद एयरपोर्ट सहित पूरे इलाके में सिक्योरिटी बढ़ा दी गई थी। एयरपोर्ट के सिक्योरिटी इंचार्ज की ऑफिशियल आईडी पर आए ई-मेल में एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *