शिवपुरी जिले के पिछोर में स्वर्गीय ठाकुर धीरज सिंह की पुण्य स्मृति में आयोजित कमलेश्वर अखिल भारतीय बुंदेलखंड केसरी कुश्ती दंगल का समापन हो गया। इस दंगल में इंदौर के पहलवान राम यादव ने बुंदेलखंड केसरी का खिताब अपने नाम किया। कमलेश्वर मेला प्रांगण में हुए इस आयोजन में देशभर के पहलवानों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम समिति के सदस्य साकेत पुरोहित ने बताया कि 86 किलोग्राम ओपन वर्ग के फाइनल मुकाबले में इंदौर के राम यादव ने ग्वालियर के फराज़ हुसैन को हराकर खिताब जीता। इस वर्ग में फराज़ हुसैन (ग्वालियर) दूसरे स्थान पर रहे, जबकि सतेन्द्र (बबीना) को तीसरा और सैतान (ग्वालियर) को चौथा स्थान मिला। 74 किग्रा में सतेन्द्र प्रथम
74 किलोग्राम (कमलेश्वर बुंदेलखंड कुमार) वर्ग में बबीना के सतेन्द्र ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। दमोह के सौरभ दूसरे, बबीना के राजदीप तीसरे और धुआई के जयभगवान चौथे स्थान पर रहे। अन्य वर्गों के परिणाम भी घोषित किए गए। 65 किलोग्राम वर्ग में मुरैना के रामानुज ने पहला स्थान हासिल किया। 61 किलोग्राम वर्ग में सागर के गगन और 57 किलोग्राम वर्ग में ग्वालियर के शिवम विजेता रहे। दंगल में अर्जुन खांडेल (इंदौर) ने रेफरी की भूमिका निभाई, जबकि अवध प्रताप सिंह चौहान टाइम कीपर रहे। आयोजन की व्यवस्थाएं राजाजी चौहान, मनु राजा, रवि राजा चौहान, साकेत पुरोहित, महेंद्र चौहान, सतीश महाराज, शिवप्रताप सिंह चौहान और बल्ली लोधी ने संभालीं। समापन अवसर पर विजेता एवं उपविजेता पहलवानों को नगद पुरस्कार और मेडल देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी ब्रजेश सिंह तोमर, अमोल लोधी, महेंद्र लोधी, अरविंद लोधी, कविता विकास पाठक, सतेन्द्र साहू सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के संरक्षक पूर्व मंत्री एवं विधायक पिछोर के.पी. सिंह काक्काजू थे। इस आयोजन ने पारंपरिक भारतीय कुश्ती संस्कृति को बढ़ावा दिया और युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित किया। यह क्षेत्र के खेल प्रेमियों के लिए एक यादगार अनुभव साबित हुआ।


