इंदौर के चितावद इलाके में एक कुआं अचानक धंसने लगा। कुआं एक मंदिर के पास बना है। जिसके आसपास रहवासी इलाका है। आसपास के दो मकानों को खाली कराया गया। वक्त रहते एमआईसी मेंबर मनीष शर्मा मामा भी मौके पर पहुंचे और मोर्चा संभाला। इधर, सूचना पर नगर निगम की टीम भी मौके पर पहुंच गई है। कुएं को भरा जा रहा है, ताकि कोई घटना-दुर्घटना ना हो। घटना रविवार दोपहर को वार्ड 64 स्थित चितावद क्षेत्र की है। यहां श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर चितावद के पास ये वाकया हुआ। दोपहर में एमआईसी मेंबर मनीष शर्मा को जानकारी मिली कि मंदिर के पास बना कुआं अचानक धंस रहा है। सूचना मिलने पर वे तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति को देखा। उन्होंने आसपास में रहने वाले कुछ लोगों को घर से बाहर निकाला और सुरक्षित स्थान पर रुकने का कहा। सुरक्षा को लेकर रस्सी से कुएं के आसपास घेरा बना दिया ताकि कोई उस तरफ ना जा सके। सूचना पर नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी भी जेसीबी और डंपर लेकर मौके पर पहुंच गए। बड़ा हादसा होने से टल गया एमआईसी मेंबर मनीष शर्मा मामा ने बताया कि वार्ड 64 हनुमान मंदिर के पास कुआं अचानक धंस गया। जिसके बाद वह लगातार धंस रहा था। सूचना मिलते ही हम मौके पर पहुंचे और नगर निगम के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और बड़ी घटना होने बची। जेसीबी और डंपर को मौके पर बुलवाया गया और तत्काल कुएं को मिट्टी डालकर भरने का काम शुरू किया गया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। आसपास के दो परिवार के लोगों को घर से बाहर कर धर्मशाला में रुकने को कहा गया। पास की धर्मशाला में है परिवार घटना की जानकारी लगने के बाद लोगों की भी भीड़ वहां जमा हो गई। आसपास के लोगों का कहना है कि बीते दिनों हुई बारिश के कारण संभवत: ये हुआ है। हालांकि कुआं किस वजह से धंस रहा था ये अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। जल्द ही कुएं के भराव का काम पूरा हो जाएगा। बताया जा रहा है कि कुएं को लेकर आगे जनप्रतिनिधियों और निगम अधिकारियों से चर्चा कर निराकरण किया जाएगा। बता दें कि इंदौर में पहले भी बलेश्वर बावड़ी हादसा हो चुका है, जिसमें कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।


