जिले में बारिश से मौसम सुहावना, पारा 2 डिग्री गिरा:तेज हवा से धान की फसल बिछी, किसानों की चिंता बढ़ी

जिले में रविवार शाम को मौसम ने अचानक करवट ली। दिनभर की उमस और गर्मी के बाद तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने पूरे जिले का मौसम बदल दिया। तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि, तेज हवा और बारिश के कारण कई जगहों पर धान की फसल खेतों में बिछ गई, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। शनिवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस था, जो रविवार को घटकर 32 डिग्री रह गया। इससे पारा दो डिग्री नीचे चला गया और वातावरण में ठंडक घुल गई। लोगों ने घरों की छतों और बालकनियों से बरसात का आनंद लिया, वहीं बच्चों ने बारिश में खेलकूद कर मस्ती की। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले चार दिनों में तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव देखा गया है। 1 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस था, जबकि 2 और 3 अक्टूबर को यह 32 और 25 डिग्री पर स्थिर रहा। 4 अक्टूबर को तापमान बढ़कर 34 डिग्री तक पहुंच गया था, लेकिन रविवार शाम की बारिश ने एक बार फिर से ठंडक बढ़ा दी। शाम को तेज हवा और हल्की से मध्यम बारिश के कारण कई इलाकों की गलियों और सड़कों पर पानी भर गया। बारिश से जहां आम लोगों को राहत मिली, वहीं किसानों के लिए यह चिंता का विषय बन गई। तेज हवा और बारिश से धान की फसल खेतों में बिछ जाने से बड़े नुकसान की आशंका जताई जा रही है। मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले 24 घंटों में भी हल्की बारिश की संभावना है। वर्तमान में हवा की दिशा दक्षिण-पूर्व से चल रही है, जिससे वातावरण में नमी बनी हुई है। जिले में दिन का अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 22डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम सुहावना बना हुआ है और उमस भरी गर्मी से राहत जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *