शाजापुर थाना कोतवाली क्षेत्र में सोशल मीडिया के जरिए एक युवती को अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस और आईटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इंस्टाग्राम पर हुई पहचान शाजापुर निवासी युवती ने अपने पिता के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि करीब एक माह पहले इंस्टाग्राम पर उसकी पहचान अभिषेक उपाध्याय नाम की आईडी से हुई थी। शुरू में दोनों के बीच सामान्य बातचीत होती रही। पैसे भेजे, फिर उधार मांगने लगा बातचीत के दौरान आरोपी ने युवती को ऑनलाइन कुछ पैसे भेजे और बाद में उससे उधार भी मांगा। जब युवती ने बातचीत कम कर दी, तो आरोपी ने उसे परेशान करना शुरू कर दिया। एडिट वीडियो भेजकर दी धमकी पीड़िता के अनुसार, 3 फरवरी की शाम आरोपी ने इंस्टाग्राम पर ‘वन्स व्यू’ में एक एडिट किया हुआ अश्लील वीडियो भेजा, जो देखने के बाद अपने आप डिलीट हो गया। इसके बाद आरोपी ने व्हाट्सएप कॉल कर 5 हजार से 6 हजार 500 रुपये की मांग की और पैसे न देने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। बहन को भेजा वीडियो जब पीड़िता ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपी ने वही वीडियो उसकी बहन के मोबाइल नंबर पर भेज दिया। इसके बाद अलग-अलग मोबाइल नंबरों और ट्रूकॉलर के जरिए पीड़िता और उसके परिवार को लगातार धमकियां दी जाने लगीं। मानसिक रूप से किया प्रताड़ित कोतवाली थाना प्रभारी संतोष वाघेला ने बताया कि आरोपी लगातार वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पीड़िता और उसके परिजनों को मानसिक रूप से परेशान कर रहा था। आरोपी बिहार का रहने वाला घटना की जानकारी मिलने पर पीड़िता ने अपने पिता को पूरे मामले से अवगत कराया, जिसके बाद थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने प्रथम दृष्टया धारा 308(2), 78(2) बीएनएस एवं 67 आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी अभिषेक उपाध्याय, निवासी रामकृष्णानगर, पटना (बिहार) के खिलाफ जांच जारी है।


