मॉडल टाउन थाने में 1.05 करोड़ की धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता करण छाबड़ा ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय में दी शिकायत में आरोप लगाया था कि अमनदीप सिंह और लखविंदर कौर ने ‘द टू ग्लोबल इमीग्रेशन एंड एजुकेशन’ के माध्यम से कई छात्रों के स्टडी वीजा से जुड़े मामलों में उनसे व्यापार में निवेश करने के लिए बड़ी रकम ली। शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने अलग-अलग स्टूडेंट्स के नाम पर किए गए एग्रीमेंट दिखाकर यह रकम बिजनेस में निवेश करने के लिए ली थी, लेकिन तय समय पर न तो पैसा लौटाया और न ही कोई स्पष्ट जवाब दिया गया। पुलिस को दी गई शिकायत में करण छाबड़ा ने बताया कि कुल मिलाकर 1 करोड़ 5 लाख रुपये की रकम आरोपियों को सौंपी गई थी। शुरुआती दौर में आरोपियों ने जल्द रकम लौटाने का भरोसा दिया, लेकिन बाद में बार-बार टालमटोल करते रहे। जब शिकायतकर्ता ने लगातार दबाव बनाया तो भी आरोपियों की तरफ से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। पुलिस के अनुसार, मामले की प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपियों ने जानबूझकर रकम लौटाने में देरी की और शिकायतकर्ता को गुमराह किया। जांच के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल मॉडल टाउन थाना पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और पैसों के लेन-देन से जुड़े दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं।


