भास्कर न्यूज |चाईबासा पश्चिमी सिंहभूम जिला ओलंपिक एसोसिएशन की ओर से 23 जून को ओलंपिक दिवस के अवसर पर जिला के विभिन्न स्थानों पर खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित किया जाएगा। विस्तृत जानकारी देते हुए जिला ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव अजय नायक ने बताया कि 23 जून को बिरसा मुंडा इंडोर स्टेडियम चाईबासा से क्रॉस कंट्री दौड़ सुबह 6 बजे महिला एवं पुरुष होगा, जूनियर कराटे खिलाड़ियों के लिए 2 बजे से संत जेवियर स्कूल चाईबासा में कराटे,3 बजे से रेलवे मैदान चक्रधरपुर में बॉलीबॉल, शाम 4 बजे रेलवे बॉक्सिंग सेंटर चक्रधरपुर में बॉक्सिंग,24 जून को तुरतुंग आर्चरी सेंटर में आर्चरी,25 जून को 10 बजे से बिरसा मुंडा इंडोर स्टेडियम चाईबासा में ताइक्वांडो प्रतियोगिता आयोजित होगी एवं इसी दिन समापन समारोह होगा। भास्कर न्यूज | चाईबासा इस्टीम पब्लिक स्कूल में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया। जिसमें बच्चों ने विभिन्न योग आसनों का अभ्यास कर योग के महत्व को समझा। विद्यालय के चेयरमैन डॉ. मनोज कुमार झा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि योग सिर्फ एक शारीरिक अभ्यास नहीं, बल्कि यह जीवन जीने की एक पद्धति है। उन्होंने कहा कि नियमित योग अभ्यास न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मन और आत्मा को भी संतुलित करता है। उन्होंने यह भी बताया कि जो छात्र नियमित रूप से योग करते हैं, उनकी एकाग्रता, स्मरण शक्ति और मानसिक संतुलन अन्य छात्रों की तुलना में बेहतर होता है। विद्यालय के प्राचार्य टी. कुमार ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत योग क्रियाओं और उनके अनुशासन की सराहना की। उन्होंने कहा कि योग न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में भी सहायक है। योग दिवस के माध्यम से बच्चों को योग के विभिन्न आसनों और उनके लाभों की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें इसे अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं की भागीदारी रही, जिनके मार्गदर्शन में यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। सभी ने इस बात पर जोर दिया कि योग को यदि प्रारंभ से ही बच्चों के जीवन का हिस्सा बनाया जाए, तो वे न स्वस्थ रहेंगे, बल्कि जीवन में अनुशासन और सकारात्मक सोच भी विकसित होगी।


