इस साल मिलेंगी ये सौगातें…:शहर में 17 किमी में दौड़ेगी मेट्रो, प्रदेश का पहला डबल डेकर फ्लायओवर व 300 बेड का 6 मंजिला हॉस्पिटल होगा तैयार

2026 विकास की नई उम्मीदें लेकर आ रहा है। रोजगार, आईटी, ट्रांसपोर्ट, ट्रैफिक सुगमता व स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ शहर के कई प्रोजेक्ट नए साल में पूरे होंगे। 31 किमी मेट्रो रिंग में से इस साल शहर में 17 किमी में मेट्रो दौड़ती नजर आएगी। वहीं लवकुश चौराहा पर डबल डेकर फ्लायओवर के साथ ही पश्चिम क्षेत्र में 300 बेड वाले छह मंजिला हॉस्पिटल की सौगात मिलेगी। साथ ही कई नई कंपनियां आएंगी, नया विस्तार होगा, आधुनिक सुविधाएं भी मिलेंगी। टीसीएस से रेडिसन चौराहा व शहीद पार्क तक चलेगी मेट्रो
इंदौर में 31 किमी मेट्रो रिंग रूट का निर्माण चल रहा है। 17 किमी एलिवेटेड रूट लगभग तैयार है। जून 2025 से सुपर कॉरिडोर पर गांधीनगर से टीसीएस तक 6 किमी रूट पर मेट्रो चल रही है। मार्च 2026 तक टीसीएस से रेडिसन चौराहा व शहीद पार्क तक मेट्रो का संचालन शुरू हो जाएगा। पूरे रूट का निर्माण 2028 तय किया गया है। 150 ई बसें शुरू होंगी
शहर में लोक परिवहन को आधुनिक व इको फ्रेंडली बनाने के लिए ग्रीन मोबेलिटी की दिशा में आगे बढ़ा रहे हैं। वर्तमान में विभिन्न मार्गों पर 120 ई बसें चल रही हैं। मार्च से 150 ई बसों का संचालन शुरू होगा। यह शहर व आसपास के 32 से ज्यादा रूट्स पर चलेंगी। लवकुश फ्लायओवर : उज्जैन, सुपर कॉरिडोर की राह आसान लवकुश चौराहा पर प्रदेश का पहला डबल डेकर फ्लायओवर बन रहा है, जो मार्च 2026 तक तैयार हो जाएगा। इसके बनने से उज्जैन व सुपर कॉरिडोर की राह आसान होगी। उज्जैन महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग जाने के लिए इसी फ्लायओवर से जाना होता है। सिंहस्थ में इस फ्लायओवर से लाखों लोग गुजरेंगे। फरवरी में तैयार होगा लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन 2028 में होने वाले सिंहस्थ की तैयारियों के लिए शहर में रेलवे सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसके लिए मुख्य रेलवे स्टेशन के साथ ही लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन की क्षमता का विस्तार किया जा रहा है। शहर के पश्चिम क्षेत्र को मिलेगा नया हॉस्पिटल शहर के पश्चिम क्षेत्र में धार रोड पर बन रहा नया जिला हॉस्पिटल मार्च 2026 से शुरू हो जाएगा। पांच मंजिलों पर ऑपरेशन थिएटर बनाए हैं। एमआरआई, सीटी स्कैन के साथ सभी तरह की जांच सुविधाएं मिलेंगी। 6 मंजिला हॉस्पिटल की क्षमता 300 बेड की होगी। 8 लाख वर्गफीट में तैयार होगा रेडीमेड गारमेंट कॉम्प्लेक्स परदेशीपुरा में रेडीमेड गारमेंट कॉम्प्लेक्स में एमपीआईडीसी द्वारा 8 लाख वर्गफीट में नए प्लग एंड प्ले कॉम्प्लेक्स का निर्माण हो रहा है। इसकी सौगात 2026 में शहर को मिलेगी। यहां पर 7500 लोगों को रोजगार मिलेगा।​​​​​​​ मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा
राज्य सरकार द्वारा यात्री परिवहन को सुगम बनाने के लिए मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा शुरू की जा रही है। इसकी शुरुआत शहर में अप्रैल-मई 2026 से होगी। राज्य परिवहन की तरह शुरू होने वाली यह सेवा पीपीपी मॉडल पर पूरी तरह सरकारी नियंत्रण में काम करेगी। इंदौर से पूरे संभाग, प्रदेश व इंटर स्ट्रेट के 771 मार्गों पर 1700 से ज्यादा बसें चलाने की योजना है। आईटी पार्क-4 : 11 मंजिला भवन में 1500 लोगों को मिलेगा काम आईटी कंपनियों को रेडी टू मूव्ह योजना के तहत प्लग एंड प्ले स्पेस उपलब्ध करवाया जा रहा है। इसके तहत आईटी पार्क -4 का निर्माण परदेशीपुरा क्षेत्र में कर रहे हैं। एमपीआईडीसी द्वारा इसे मार्च -2026 से शुरू करने की तैयारी है। यह पार्क 48 करोड़ रुपए की लागत से बनेगा। 11 मंजिल भवन में पार्किंग व आईटी कंपनियों के लिए आधुनिक सुविधाएं रहेंगी। इसमें 1500 से ज्यादा आईटी प्रोफेशनल्स को काम मिलेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *