ईको वैन की टक्कर से ई-रिक्शा सवार प्रिंसिपल की मौत:नीचे दबने से सिर में लगी चोट; घर से पॉलिटेक्निक कॉलेज जाते समय हुआ हादसा

भीलवाड़ा में बुधवार को तेज रफ्तार ईको वैन ने एक ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा सवार गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज की प्रिंसिपल के सिर में गंभीर चोट आई, वहीं साथ में मौजूद एक अन्य शिक्षक भी घायल हो गया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने दोनों को प्राइवेट गाड़ी से महात्मा गांधी जिला हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां ड्यूटी डॉक्टर ने प्रिंसिपल को मृत घोषित कर दिया। हादसा भीमगंज थाना क्षेत्र के तिलक नगर में सिद्धि विनायक रोड पर आज सुबह करीब साढ़े 10 बजे हुआ। वैन की टक्कर से ई रिक्शा पलटा, नीचे दबी प्रिंसिपल
थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया- आज सुबह करीब 10:30 बजे एक तेज रफ्तार एक इको वैन ने ई रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में ई रिक्शा में सवार मूलत: अजमेर और हाल भीलवाड़ा के तिलक नगर निवासी पॉलिटेक्निक कॉलेज की प्रिंसिपल शालू (45) पुत्री आरजी गोयल और एक शिक्षक अशोक पालीवाल घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, टक्कर के बाद ई- रिक्शा पलटी खा गया, जिसके नीचे प्रिंसिपल दब गई और उनके सिर में गंभीर चोट आई। जबकि अन्य शिक्षक दूर जाकर गिरने से घायल हुए। दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव हॉस्पिटल में प्रिंसिपल शालू गोयल को ड्यूटी डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। वहीं अशोक पालीवाल को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने मृतका के शव को जिला हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाते हुए मृतका के परिजनों को सूचना दी। उनके आने के बाद मृतका के शव का पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। हादसे में ईको वैन को जब्त कर लिया। जबकि ड्राइवर फरार हो गया। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि महिला के पति विशाल श्रीवास्तव अजमेर में व्यापारी है और परिवार में एक बेटा और बेटी है। वे दोपहर को हॉस्पिटल पहुंचे और कागजी कार्रवाई करने के बाद बॉडी को अपने साथ लेकर अजमेर स्थित पैतृक घर के लिए रवाना हो गए। घर से कॉलेज ई-रिक्शा में जाते समय हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, महिला प्रिंसिपल तिलक नगर में किराए के घर में रहती थी और उनके घर से महज एक किलोमीटर दूरी पर ही पॉलिटेक्निक कॉलेज था। इस बीच सुबह ई रिक्शा से कॉलेज जाते समय सिद्धि विनायक रोड पर हादसे में उनकी जान चली गई। प्रिंसिपल की मौत की सूचना के बाद मॉर्च्युरी पर कॉलेज के स्टूडेंट्स और टीचर्स की भीड़ लग गई। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि महिला को बतौर प्रिंसिपल के रूप में 5 सालों से पोस्टेड थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *