सीकर के ईदगाह चौराहे से लेकर बुच्याणी तक अतिक्रमण और अवैध निर्माण को तोड़ने की कार्रवाई ईद के त्यौहार के बाद की जाएगी। बता दें कि मोचीवाड़ा इलाके की इस रोड को 40 फीट चौड़ा करने का प्लान है। इसके लिए अवैध अतिक्रमण और निर्माण को चिन्हित करने का काम पहले ही पूरा हो चुका है। सीकर नगर परिषद के रेवेन्यू ऑफिसर प्रमोद कुमार सोनी ने बताया कि सीकर की मोचीवाड़ा रोड की चौड़ाई करने का प्लान है। इसके लिए अवैध अतिक्रमण और निर्माण को चिन्हित करने का काम पूरा करके अतिक्रमण करने वाले लोगों को नोटिस भी दिए जा चुके थे। नगर परिषद में आयुक्त शशिकांत शर्मा की उन लोगों से वार्ता हुई है। जिसमें अतिक्रमण करने वाले लोगों ने अपनी बात रखते हुए कहा कि उन्हें ईद तक का समय दिया जाए। ताकि वह खुद ही अपने स्तर पर अवैध अतिक्रमण और निर्माण को तोड़ लें। इस पर नगर परिषद ने निर्णय किया है कि ईद के त्यौहार के बाद ही अवैध अतिक्रमण और निर्माण तोड़ने की कार्रवाई की जाएगी। रेवेन्यू ऑफिसर प्रमोद कुमार सोनी ने कहा कि लोग खुद के स्तर पर ही अतिक्रमण और अवैध निर्माण को तोड़ लें तो ज्यादा बेहतर रहता है क्योंकि जब प्रशासन तोड़ने की कार्रवाई करता है ज्यादा नुकसान होने की संभावना बनी रहती है। बता दें कि ईदगाह चौराहे से बुच्याणी तक लोगों ने इतना ज्यादा अतिक्रमण और अवैध निर्माण किया हुआ है कि कहीं-कहीं पर तो सड़क की चौड़ाई केवल 20 फीट तक ही है। कई बार जब इस रास्ते से शव लेकर अंतिम यात्रा निकाली जाती है तो लोग ट्रैफिक में फंस जाते हैं।


