अमन कॉलोनी स्थित ईरानी डेरे पर निशातपुरा पुलिस की कार्रवाई के बाद लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। छापे के दौरान 21 चोरी की बाइक मिली थीं। इनमें से तीन के मालिक थाने पहुंचकर अपनी गाड़ियां पहचान चुके हैं। इधर, कुख्यात बदमाश तालिब की मुश्किलें भी बढ़ रही हैं। एसटीएफ इंदौर को कोर्ट से उसका प्रोडक्शन वारंट मिल गया है। अब उससे अंतरराज्यीय अपराधों पर पूछताछ होगी। पुलिस पर हुए पथराव के मामले में निशातपुरा पुलिस ने संगठित अपराध की धारा भी जोड़ दी है। 32 आरोपियों की जमानत याचिका कोर्ट ने निरस्त कर दी। इधर, इन आरोपियों की रिमांड के लिए मध्यप्रदेश के अलावा दिल्ली, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, राजस्थान और गुजरात के दस से अधिक शहरों की पुलिस भोपाल पहुंच रही है। खाकी का खौफ : पलंग के भीतर छिपा मिला था तालिब बदमाश तालिब को गिरफ्तार करने की कहानी भी दिलचस्प है। पुलिस के टीम ने दरवाजा खटखटाया तो कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। पुलिस ने तीन दरवाजे तोड़कर अंदर प्रवेश किया। तलाशी के दौरान तालिब बॉक्स वाले पलंग के अंदर छिपा हुआ था। पुलिस पिछले एक साल से उसे धोखाधड़ी के मामले में तलाश रही थी। उस पर 5000 रुपए का ईनाम था। कई शहरों की पुलिस को उसकी तलाश थी। हफ्तों पहले से था छापे का प्लान ऑपरेशन की योजना हफ्तों पहले से चल रही थी। इसमें डीसीपी मयूर खंडेलवाल, एडिशनल डीसीपी मलकीत सिंह, एसीपी अक्षय चौधरी और थाना प्रभारी मनोज पटवा शामिल थे। छापे के दौरान रात 10 बजे से 1 बजे तक क्षेत्र में गश्त कराई गई। अमन कॉलोनी की 24 गलियों को घेरकर 400 पुलिसकर्मी, 40 वाहनों में सवार, ऑपरेशन में लगे। सभी वाहनों की लाइट और हूटर बंद रखी गई।


