ई-कॉमर्स के जरिए बिजनेस का भविष्य बदलेगा, फीको के सेशन में मिला उद्योग को नया विजन

भास्कर न्यूज |लुधियाना फेडरेशन ऑफ इंडस्ट्रियल एंड कमर्शियल ऑर्गेनाइजेशन (फीको) ने आइडियाज टू इम्पैक्ट फाउंडेशन के सहयोग से ई-कॉमर्स पर आधारित एक विशेष जागरूकता सत्र ‘वॉलमार्ट वृद्धि’ का आयोजन किया। इस जानकारीपूर्ण सेशन में फीको से जुड़े लगभग 100 से अधिक उद्योगपति और कारोबारी सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी की और बदलते डिजिटल बिजनेस मॉडल को लेकर अहम जानकारियां हासिल कीं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य उद्योगपतियों और व्यापारियों को ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से व्यापार के नए अवसरों से अवगत कराना था। सेशन के दौरान ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया, डिजिटल माध्यम से व्यापार करने के तरीके, ऑनलाइन ऑर्डर मैनेजमेंट, लॉजिस्टिक्स और आंतरिक परिचालन से जुड़ी महत्वपूर्ण अवधारणाओं को विस्तार से समझाया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि मौजूदा दौर में डिजिटल प्लेटफॉर्म अपनाना समय की मांग बन चुका है और इससे व्यापार को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच मिल सकती है।आइडियाज़ टू इम्पैक्ट फाउंडेशन की ओर से अमित फुल (प्रोग्राम डायरेक्टर), विशेष शर्मा (सीनियर मैनेजर) और सृष्टि मलिक (पार्टनरशिप मैनेजर) ने विस्तृत प्रेजेंटेशन के माध्यम से ई-कॉमर्स से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी साझा की। उन्होंने प्रतिभागियों को वॉलमार्ट जैसे वैश्विक प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध अवसरों और बेस्ट प्रेक्टिसेज से भी अवगत कराया। फीको के चेयरमैन केके. सेठ ने कहा कि यह सेशन सदस्यों के लिए बेहद ज्ञानवर्धक और उपयोगी रहा, जिससे उन्हें आधुनिक बिजनेस मॉडल को समझने में मदद मिलेगी। वहीं फीको के प्रेसिडेंट गुरमीत सिंह कुलार ने कहा कि बिजनेस एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है और जो उद्यमी नई तकनीक और नए विचारों को अपनाते हैं, वही प्रतिस्पर्धा में आगे रहते हैं। उन्होंने विशेष रूप से B2C मॉडल में ई-कॉमर्स की बढ़ती भूमिका पर जोर दिया। कार्यक्रम में फीको के विभिन्न पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें बलबीर सिंह मंकू, मनकर गर्ग, गगनिश खुराना, जय ढींगरा, रघुबीर सिंह सोहल, गुरमुख सिंह रूपल, बलजीत सिंह बंसल, सुरिंदर सिंह, पवन गर्ग, सुरिंदर पाल सिंह और सत्य पाल मलिक प्रमुख रूप से शामिल थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *