पांच लोगों ने किया हमला, नकदी लूटी, एक को पकड़ा

भास्कर न्यूज़ | लुधियाना काकोवाल रोड इलाके में मंगलवार देर शाम लूट की एक वारदात सामने आई है। बाइक पर घर लौट रहे एक कारीगर को पांच बदमाशों ने घेरकर हमला किया और उसकी बाइक लूटकर फरार हो गए। हालांकि पीड़ित और उसके साले की हिम्मत के चलते एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जिसे बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया। पीड़ित राजीव कुमार ने बताया कि वह सिलाई का काम करता है और मंगलवार रात करीब 10 बजे अपने साले के साथ बाइक पर घर लौट रहा था। इसी दौरान दो वाहनों पर सवार पांच युवक वहां पहुंचे और उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने राजीव पर हमला कर बाइक और अन्य सामान लूटने की कोशिश की। राजीव के मुताबिक, उसने और उसके साले ने घबराने के बजाय विरोध किया। इस दौरान बदमाशों ने जबरन बाइक छीनकर भागने की कोशिश की। छीना-झपटी में राजीव की उंगली कट गई और वह घायल हो गया। इसके बावजूद दोनों ने हिम्मत दिखाते हुए एक आरोपी को दबोच लिया, जबकि बाकी आरोपी बाइक लेकर फरार हो गए। पकड़े गए आरोपी को बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया। राजीव कुमार का आरोप है कि उसने पूरी घटना पुलिस को बताई, लेकिन अभी तक पुलिस ने फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए गंभीर प्रयास नहीं किए हैं। पीड़ित का कहना है कि वारदात के बाद भी वह और उसका परिवार डरे हुए हैं, क्योंकि बाकी आरोपी खुलेआम घूम रहे हो सकते हैं। पीड़ित ने पुलिस से मांग की है कि लूट में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *