लुधियाना| न्यू विवेक नगर इलाके में सार्वजनिक स्थान पर लगे शहतूत के पेड़ों को अवैध रूप से कटवाने का मामला सामने आया है। इस मामले में थाना डिवीजन नंबर-8 की पुलिस ने ऑल सिद्दीकी बिरथानी कॉर्नर के मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई नगर निगम के कार्यकारी इंजीनियर की शिकायत के आधार पर की गई है। शिकायत में बताया गया कि न्यू विवेक नगर, लुधियाना में खरीदे गए एक प्लॉट के बाहर लगे शहतूत के पेड़ों को बिना किसी अनुमति के कटवाया गया। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, ये पेड़ सार्वजनिक स्थान पर लगे हुए थे और इन्हें काटने के लिए निगम से किसी प्रकार की मंजूरी नहीं ली गई थी। जांच के दौरान यह भी स्पष्ट हुआ कि नियमों का उल्लंघन करते हुए पेड़ों की कटाई की गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच की। जांच में आरोप सही पाए जाने पर थाना डिवीजन नंबर-8 की पुलिस ने संबंधित प्रॉपर्टी मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की आगे जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।


