उज्जैन के आदर्श नगर में बदबूदार पानी:इंदौर हादसे के बाद चिंता बढ़ी, सीवरेज कार्य से समस्या बढ़ी

इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से हुई मौतों और दर्जनों लोगों के बीमार होने की घटना के बाद अब उज्जैन में भी पानी की गुणवत्ता को लेकर चिंता बढ़ गई है। नगर निगम के नागझिरी क्षेत्र स्थित आदर्श नगर कॉलोनी के रहवासी गंदे और बदबूदार पानी से परेशान हैं। रहवासियों का कहना है कि लंबे समय से नलों में काला, मटमैला और बदबूदार पानी आ रहा है। देवास रोड स्थित आदर्श नगर में पीएचई की लाइन मौजूद है, लेकिन जब से सीवरेज लाइन का काम शुरू हुआ है, तब से पानी की समस्या गंभीर हो गई है। नागरिक इंसाफ कुरैशी ने बताया कि नलों से लगातार गंदा पानी आ रहा है। इसकी कई बार शिकायत की गई, लेकिन लंबे समय तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब निगम के अधिकारी मौके पर आकर जल्द सुधार का आश्वासन दे रहे हैं। रहवासी एस.एम. आरिफ ने आरोप लगाया कि पानी इतना गंदा आता है कि मजबूरी में उसे फेंकना पड़ता है। उन्होंने कहा, “जब कभी साफ पानी आता है, तभी उसका उपयोग करते हैं। पहले भी समस्या थी, लेकिन अब स्थिति ज्यादा बिगड़ गई है।” स्थानीय निवासी एजाज शेख ने बताया कि उनके घर में बोरिंग है, लेकिन आसपास के पड़ोसी गंदे पानी के कारण काफी परेशान हैं। उन्होंने शासन और नगर निगम से जल्द से जल्द स्थायी समाधान की मांग की है। नगर निगम कमिश्नर अभिलाष मिश्र ने बताया कि टीम द्वारा दो-तीन बार मौके का निरीक्षण किया गया है। फिलहाल जिन जगहों पर पाइपलाइन बदलने में समय लग रहा है, वहां वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर टैंकरों से पानी की सप्लाई की जा रही है, ताकि रहवासियों को राहत मिल सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *