उज्जैन के गोपालपुरा क्षेत्र में मक्सी रोड स्थित बैंक ऑफ इंडिया की ब्रांच में गुरुवार सुबह चोरी की कोशिश की गई। बैंक कर्मचारियों को सुबह ताले टूटे मिले, हालांकि बदमाश बैंक के अंदर दाखिल नहीं हो पाए। बैंक कर्मचारियों ने जब बैंक खोला, तो मुख्य चैनल गेट का ताला टूटा हुआ मिला। उन्होंने तुरंत बैंक मैनेजर और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम, डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट मौके पर पहुंच गए। सीएसपी दीपिका शिंदे ने बताया कि बैंक की शटर का ताला टूटा हुआ था। बदमाशों ने शटर काटकर हटाने का प्रयास किया, लेकिन वे मुख्य चैनल गेट का ताला नहीं तोड़ पाए। सुबह बैंक मैनेजर की चाबी से ही ताले खोले गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य जांच शुरू कर दी है। बैंक में लगे अलार्म उस समय क्यों नहीं बजे, इसकी भी जांच की जा रही है। फिलहाल जांच के दौरान बैंक में आम लोगों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है। पुलिस और जिला प्रशासन ने पहले भी बैंक अधिकारियों को रात में सुरक्षा गार्ड तैनात करने की हिदायत दी थी, लेकिन इसके बावजूद इस शाखा में रात में कोई सुरक्षा गार्ड मौजूद नहीं था।


