उड़कुड़ा मिडिल स्कूल के प्रधान पाठक को संयुक्त संचालक ने किया निलंबित

भास्कर न्यूज | कांकेर जिले के चारामा विकासखंड के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला उडकुडा में पदस्थ प्रधान पाठक रामाधीन साहू को संयुक्त संचालक लोक शिक्षण जगदलपुर ने निलंबित कर दिया है। शिकायत के बाद तीन सदस्यीय समिति ने जांच की। जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद संयुक्त संचालक शिक्षा विभाग ने निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उक्त शिक्षक को खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय उसूर आवापल्ली जिला बीजापुर पदस्थ किया गया है। पूर्व माध्यमिक शाला उड़कुड़ा में पदस्थ प्रधानपाठक रामाधीन साहू के खिलाफ ग्रामीणों ने कलेक्टर से लिखित शिकायत की थी। शिकायत की जांच करने तीन सदस्यीय समिति बनाई गई थी जिसमें एमन जैन, लक्ष्मण कावड़े तथा दिनेश नाग शामिल थे। समिति जांच करने पहुंची तो शिकायत सही पाई गई थी। जांच प्रतिवेदन के आधार पर संयुक्त संचालक शिक्षा विभाग ने 29 अगस्त को जारी आदेश क्रमांक 2690 में प्रधानपाठक रामाधीन साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उक्त शिक्षक को उसूर आवापल्ली जिला बीजापुर में पदस्थ किया है। कार्यालय संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग बस्तर जगदलपुर के पत्र अनुसार जांच प्रतिवेदन में दिए गए निष्कर्ष अनुसार पूर्व में दो प्रधानपाठक उक्त शाला में कार्यरत होने से किसी एक प्रधान पाठक को अन्य शाला में समायोजित किये जाने का निष्कर्ष दिया गया था। उक्त स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए संबंधित प्रधान पाठक को माध्यमिक शाला तेलगरा में कार्य करने आदेशित किया गया था। रामाधीन साहू प्रधान अध्यापक पूर्व माध्यमिक उड़कुड़ा के विरुद्ध की गई शिकायत की तीन सदस्यीय जांच समिति के प्रारम्भिक जांच प्रतिवेदन में आरोप की प्रथम दृष्टया पुष्टि होना पाया गया है, जो कि रामाधीन साहू प्रधान अध्यापक के पदीय दायित्वों के प्रति स्वेच्छाचारिता, लापरवाही एवं उदासीनता को परिलक्षित करता है। उनका कृत्य नियम के विपरीत होने के कारण, तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *