उदयपुर में अरावली बचाने की मांग पर जोरदार प्रदर्शन:कलेक्ट्रेट के बाहर कांग्रेस नेताओं और पुलिस के बीच हल्की झड़प, गिरफ्तार कर बस में बिठाकर ले गई

उदयपुर में अरावली बचाने को लेकर जिला कलेक्ट्रेट के बाहर सोमवार को जोरदार प्रदर्शन हुआ। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की झड़प की स्थिति भी बन गई, जिसके बाद पुलिस कई प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर बसों में बैठाकर ले गई। उदयपुर में पिछले कई दिनों से मेवाड़ अंचल में लगातार आंदोलन चल रहा है। आज भी शहर के साथ ही ग्रामीण इलाकों से भी लोग विरोध दर्ज कराने पहुंचे। विरोध कर रहे कई लोगों ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी गिरफ्तारियां भी दीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक अरावली की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन के माध्यम से उन्होंने सरकार से अरावली संरक्षण के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाने की मांग की। इस आंदोलन में सर्व समाज के लोगों के साथ कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता भी शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राजस्थान सरकार और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि अरावली हमारी मां है, इसे नहीं मिटने देंगे। अरावली बचाओ, भविष्य बचाओ जैसे नारों से कलेक्ट्री परिसर गूंजता रहा। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि अरावली केवल पहाड़ों की श्रृंखला नहीं, बल्कि मेवाड़ की जीवनरेखा, इतिहास और सांस्कृतिक पहचान है। कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष फतेह सिंह राठौड़ ने बताया कि अरावली के लिए सुप्रीम कोर्ट के निर्णय को बदलना ही होगा, अरावली से हमारा गहरा इतिहास और नाता रहा है। समय-समय पर अरावली ने हमें बड़ी आपदाओं से बचाया है। अगर अरावली खत्म हो गई तो वन्य जनजीवन समाप्त हो जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि खनन और अन्य गतिविधियों के कारण अरावली को लगातार नुकसान पहुंचाया जा रहा है, जिससे पर्यावरण, जलस्तर और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य खतरे में है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *