भास्कर न्यूज | माकड़ी ग्राम पंचायत उदेंगा में युवा संगठन के तत्वाधान में आयोजित पंचायत स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता–2025 का मंगलवार को उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। यह प्रतियोगिता 16 से 22 दिसंबर तक खेली जाएगी, जिसमें क्षेत्र की कई टीमें अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। प्रतियोगिता का उद्घाटन जनपद सदस्य अनिता मरकाम के मुख्य आतिथ्य एवं सरपंच सोनाराम शोरी की अध्यक्षता में किया गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल भावना के साथ प्रतियोगिता खेलने का संदेश दिया। आयोजन समिति ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 12,001 रुपए एवं ट्रॉफी, जबकि द्वितीय पुरस्कार 6,001 रुपए एवं ट्रॉफी रखा गया है। प्रतियोगिता का प्रवेश शुल्क 801 रुपए निर्धारित किया गया है। उद्घाटन मुकाबला ग्राम पंचायत उदेंगा और ग्राम पंचायत बालोण्ड के बीच खेला गया। टॉस जीतकर उदेंगा के कप्तान ने पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। बालोण्ड की टीम ने 6 ओवर में 90 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए मेजबान उदेंगा की टीम निर्धारित ओवरों में 76 रन ही बना सकी और बालोण्ड ने मुकाबला 14 रनों से जीत लिया। आयोजन समिति में अध्यक्ष अनिल शोरी, उपाध्यक्ष अंतुराम जैन, सचिव दीपेंद्र शोरी एवं कोषाध्यक्ष दिलीप मरकाम की अहम भूमिका रही। उद्घाटन मैच की कॉमेंट्री और मंच संचालन अनंत जैन ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे, जिससे पूरे गांव में खेल उत्सव का माहौल नजर आया।


